Kheera Raita Recipe: गर्मियों के मौसम में हर कोई कुछ ठंडा खाना चाहता है. ऐसे में खाने के साथ कुछ ठंडा खाने के लिए खीरे का रायता बेस्ट ऑप्शन है. ये खाने का स्वाद तो बढ़ाता ही है, साथ ही शरीर को ठंडा रखने में भी मदद करता है. खीरे का रायता खाने से शरीर हाइड्रेट रहता है और डाइजेशन भी दुरुस्त रहती है. एक्सपर्ट्स की मानें, तो गर्मियों के मौसम में खीरे का रायता ओवरऑल हेल्थ के लिए फायदेमंद होता है. अगर आप भी खीरे का रायता खाने का मन बना रहे हैं, तो बता दें कि इसे बनाना भी बहुत आसान है. आइए इसकी रेसिपी देखते हैं.
खीरे का रायता बनाने के लिए सामग्री
- खीरे का रायता बनाने के लिए आपको 2 कप दही लेना है.
- एक कद्दूकस किया हुआ बड़ा खीरा लेना है.
- कुछ कटी हुई हरी मिर्च
- थोड़ा कटा हुआ हरा धनिया
- कुछ बारीक कटे हुए पुदीने के पत्ते
- छोटा चम्मच काला नमक
- छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- एक छोटा चम्मच भुना जीरा
- स्वादानुसार नमक
कैसे बनाएं खीरे का रायता?
इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक बाउल लें और उसमें दही डालकर अच्छे से फेंट लें. अब कद्दूकस किए गए खीरे के पानी को निचोड़ लें और दही में डाल दें. इसके बाद दही में हरी मिर्च, भुना जीरा, काला नमक, सादा नमक और लाल मिर्च पाउडर डालकर अच्छी तरह से मिला दें. अब इसमें बारीक कटे हरे धनिया और पुदीने को डाल दें और उसे भी अच्छी तरह से मिला लें. आपका खीरे का रायता तैयार है. आप इसे गार्निश करने के लिए ऊपर से हरा धनिया और पुदीने की पत्तियों का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसे लंच या डिनर के साथ खाने के लिए परोसें. आप इसे रोटी, चावल, खिचड़ी या फ्राइड राइस के साथ खा सकते हैं. ये रायता आपके खाने के स्वाद को बढ़ा देगा.