India News (इंडिया न्यूज), Jitu Patwari: मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राज्य सरकार पर भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस विधायकों के लिए 15-15 करोड़ रुपये की मांग की है। उन्होंने दावा किया कि सरकार हर साल बीजेपी विधायकों को विकास कार्यों के लिए यह राशि आवंटित कर रही है, लेकिन कांग्रेस विधायकों को इससे वंचित रखा जा रहा है। पटवारी ने इसे असमानता करार देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर कांग्रेस विधायकों को भी समान राशि देने की मांग की है।
जीतू पटवारी ने सरकार पर भ्रष्टाचार का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए दी जाने वाली राशि का 30% हिस्सा विधायकों को, 20% सरपंच को और 10-15% अधिकारी ले रहे हैं। इस तरह 65% धनराशि भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रही है, जिससे प्रदेश में विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
Jitu Patwari ने विधायकों के लिए मांगे 15-15 करोड़
वहीं, बीजेपी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। प्रदेश सह मीडिया प्रभारी सचिन सक्सेना ने कहा कि कांग्रेस के आरोप बेबुनियाद हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकार सभी जिलों में समान रूप से विकास कार्य कर रही है और इसमें किसी भी पार्टी के विधायकों के बीच भेदभाव नहीं किया जाता। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि हाल ही में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस विधायक के क्षेत्र तराना विधानसभा में शिप्रा नर्मदा सिंचाई परियोजना का लोकार्पण किया, जो इस बात का प्रमाण है कि सरकार बिना भेदभाव के विकास कार्य कर रही है।