India News (इंडिया न्यूज), MP Weather News Today: मध्य प्रदेश में एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है, जिससे प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक बारिश और ओले गिरने की संभावना जताई है। इस दौरान प्रदेश के 26 जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, 20 से 22 मार्च तक प्रदेश के कई जिलों में बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलने के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है। बीते 24 घंटे में प्रदेश के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे मौसम ठंडा हो गया है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस बदलाव की मुख्य वजह तीन मौसमी सिस्टम हैं-
MP Weather News Today एमपी मौसम समाचार आज
1. पश्चिमी विक्षोभ– हरियाणा के पास एक पश्चिमी विक्षोभ बन रहा है, जिसका असर मध्य प्रदेश पर भी पड़ेगा।
2. ट्रफ लाइन– छत्तीसगढ़ से होकर गुजर रही एक ट्रफ लाइन भी बारिश के लिए अनुकूल वातावरण बना रही है।
3. नया पश्चिमी विक्षोभ– 20 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जो बारिश को और तेज करेगा।
मौसम विभाग ने सिंगरौली, सीधी, शहडोल, मंडला और बालाघाट जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, रीवा, सतना, जबलपुर, भोपाल, विदिशा, सागर, छतरपुर और अन्य जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। ग्वालियर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उज्जैन, जबलपुर, भोपाल और इंदौर में भी तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। किसानों को फसलों को सुरक्षित रखने के उपाय करने चाहिए, जबकि वाहन चालकों को बारिश और ओलों के दौरान सावधानी बरतनी चाहिए।