मिडिल क्लास फैमिली में सरकारी नौकरी का क्रेज किसी से छुपा नहीं है. मध्यमवर्गीय परिवारों में आज भी सरकारी नौकरी को सफलता की सीढ़ी माना जाता है. इसलिए जब घर में किसी को सरकारी नौकरी मिल जाती है तो घर में जश्न का माहौल होता है. लेकिन इस सफलता पर सबसे ज्यादा खुशी माता-पिता को ही होती है.
इसका जीता-जागता उदाहरण एक वायरल वीडियो बन गया है. बेटी के IBPS CRP मेन्स परीक्षा में सफल होने पर पिता का रिएक्शन सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. इस वीडियो ने लोगों को भाव विभोर कर दिया है.
वीडियो का पूरा विवरण
इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया यह भावुक वीडियो अपलोड होते ही तेजी से वायरल हो गया. इसमें एक बेटी अपने पिता को बताती है कि उसने IBPS CRP मेन्स परीक्षा पास कर ली है और बैंक में नौकरी मिल गई है. पिता मोबाइल में उसका रिजल्ट देखते हैं. थोड़ी देर वो समझने की कोशिश करते हैं, लेकिन जैसे ही उन्हें दिखता है कि बेटी ने एग्जाम क्लियर कर लिया है, खुशी और गर्व से उनके आंसू बहने लगते हैं. बेटी पिता के आंसुओं को प्यार से पोंछ देती है. इस वीडियो के कैप्शन में लिखा है, “आईबीपीएस सीआरपी मेन्स परीक्षा पास करने और इंडियन बैंक में सीएसए के रूप में चयनित होने पर मेरे पिताजी की प्रतिक्रिया.”
सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया
नेटिजेंस ने इस वीडियो को खूब सराहा. एक यूजर ने लिखा, “पिता का आंसू ही सबसे बड़ा इनाम है.” दूसरा बोला, “ऐसे पिता हर बेटी को मिलें.” इंस्टाग्राम, फेसबुक और यूट्यूब पर इस वीडियो को हजारों लाइक्स और शेयर्स मिले. एक व्यक्ति ने कहा, “जब भी मैं हम जैसे किसी व्यक्ति का चयन देखता हूं तो मुझे गर्व महसूस होता है, अपने पिता को गर्व महसूस कराओ.” एक यूजर ने लिखा, “उन्होंने सख्त दिखने की कोशिश की, लेकिन अंत में उनका दिल गर्व और खुशी से मक्खन की तरह पिघल गया.” एक अन्य व्यक्ति ने लिखा, “काश, वह उसे गले लगाता, बेटी के लिए सबसे बड़ा उपहार उसके पिता का आलिंगन होता है.”
इसी तरह एक कमेंट में लिखा था, “उनकी चुप्पी सब कुछ कह देती है.” कई लोगों ने कमेंट सेक्शन में अपने भी ऐसे ही अनुभव शेयर किये.