Khau Vai Love Market: वियतनाम के हा जियांग प्रांत में हर साल खाउ वाई लव मार्केट लगता है, जहां पुराने प्रेमी साल में एक बार मिलते हैं. करीब एक सदी पुरानी प्रेम कहानी से जुड़ी यह परंपरा आज प्रेम, संस्कृति और स्थानीय विरासत का अनोखा उत्सव बन चुकी है.
वियतनाम में लगता है अनोखा ‘लव मार्केट
Khau Vai Love Market: किसी पुराने प्रेमी से दोबारा मिलना आज के दौर में कई लोगों के लिए अजीब या असहज बात हो सकती है, लेकिन वियतनाम में इसे एक अनोखी सांस्कृतिक परंपरा के तौर पर देखा जाता है. यहां हर साल एक ऐसा बाजार लगता है, जहां पुराने प्रेमी एक-दूसरे से मिलने के लिए पहुंचते हैं. इस बाजार को खाउ वाई लव मार्केट के नाम से जाना जाता है. यह बाजार वियतनाम के हा जियांग प्रांत में आयोजित होता है. इसमें आसपास रहने वाले अलग-अलग जातीय समुदायों के लोग शामिल होते हैं. यहां प्रेम, संस्कृति और पारंपरिक रीति-रिवाजों का अनोखा संगम देखने को मिलता है.
खाउ वाई लव मार्केट के पीछे करीब एक सदी पुरानी प्रेम कहानी बताई जाती है. कहानी के मुताबिक, नुंग समुदाय के बा नाम के युवक को जियाय समुदाय की उत नाम की युवती से प्यार हो गया था. दोनों अलग-अलग समुदायों से थे और उनके परिवार इस रिश्ते के खिलाफ थे. दोनों एक-दूसरे से शादी नहीं कर सके. हालांकि, वे अपने प्यार की वजह से किसी तरह का विवाद या खून-खराबा भी नहीं चाहते थे. इसलिए उन्होंने एक वादा किया. दोनों ने तय किया कि वे साल में एक बार खाउ वाई में मिलेंगे. समय के साथ उनका यह वादा एक परंपरा में बदल गया और इसी से खाउ वाई लव मार्केट की शुरुआत मानी जाती है.
यह बाजार हर साल चंद्र कैलेंडर के तीसरे महीने की 27वीं तारीख को आयोजित किया जाता है. आमतौर पर यह तारीख अप्रैल या मई के आसपास आती है. यह दिन उन प्रेमियों की इच्छा के मुताबिक तय हुआ था, जो साल में एक बार एक-दूसरे से मिलने का वादा करते थे. आज यह बाजार सिर्फ पुराने प्रेमियों तक सीमित नहीं है. यहां अविवाहित लोग भी संभावित जीवनसाथी की तलाश में आते हैं. शादीशुदा जोड़े भी इस सांस्कृतिक आयोजन में हिस्सा लेते हैं और पारंपरिक माहौल का आनंद लेते हैं. सबसे खास बात यह है कि पुराने प्रेमी भी यहां बिना किसी सामाजिक दबाव के एक-दूसरे से मिल सकते हैं, बातचीत कर सकते हैं और पुरानी यादें साझा कर सकते हैं.
खाउ वाई लव मार्केट सिर्फ प्रेमियों की मुलाकात का स्थान नहीं है. यहां स्थानीय समुदाय पारंपरिक कपड़ों में नजर आते हैं. लोक संगीत और लोक नृत्य के कार्यक्रम होते हैं. स्थानीय खान-पान और सांस्कृतिक गतिविधियां भी इस आयोजन का हिस्सा होती हैं. इस तरह यह बाजार स्थानीय लोगों के लिए अपनी संस्कृति और परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम भी बन गया है. वर्ष 2021 में वियतनाम के संस्कृति मंत्रालय ने खाउ वाई लव मार्केट को राष्ट्रीय अमूर्त सांस्कृतिक विरासत के रूप में मान्यता दी. इसके बाद यह आयोजन स्थानीय संस्कृति के साथ-साथ पर्यटन का भी महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया. बाजार में आने वाले पर्यटकों की वजह से स्थानीय स्तर पर रोजगार और कारोबार के अवसर भी बढ़े हैं.
खाउ वाई लव मार्केट की सबसे दिलचस्प बात यह है कि यहां किसी पुराने रिश्ते से मिलना जरूरी नहीं कि दोबारा प्यार की शुरुआत हो. कई लोगों के लिए यह सिर्फ अतीत को याद करने, बातचीत करने और पुरानी यादों को सम्मान देने का मौका है. जहां आज के दौर में अपने पूर्व प्रेमी की सोशल मीडिया पोस्ट देखना भी कई लोगों के लिए भावनात्मक रूप से मुश्किल हो सकता है, वहीं खाउ वाई में पुराने प्रेमी साल में एक दिन खुले तौर पर मिल सकते हैं. यही वजह है कि यह परंपरा दुनिया के सबसे अनोखे प्रेम उत्सवों में गिनी जाती है.
अमेरिका-ईरान तनाव घटने की उम्मीद और कमजोर मांग से कच्चा तेल सस्ता हुआ है. ब्रेंट…
Nvidia CEO जेनसन हुआंग की संपत्ति 155.4 अरब डॉलर आंकी गई है. तलाक की अटकलों…
Mamta Kulkarni Viral Video: ममता कुलकर्णी का कोलकाता के एक कार्यक्रम का वीडियो वायरल हो…
Pawan Kalyan Divorce: एक्टर और आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम पवन कल्याण की तीसरी शादी…
10 नवंबर को दिवाली-बालिप्रतिपदा के कारण NSE और BSE में कारोबार बंद रहेगा. शेयर बाजार…
UP Petrol Diesel Price Today: उत्तर प्रदेश में 10 नवंबर को पेट्रोल-डीजल के नए रेट…