IPL 2026: संजू-आयुष करेंगे ओपनिंग… ‘बेबी एबी’ इस नंबर पर मचाएंगे तबाही, कैसी होगी CSK की प्लेइंग XI?
CSK Playing 11 For IPL 2026: चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) आईपीएल की सबसे सफल टीम मानी जाती है. यह टीम अभी तक आईपीएल में कुल 10 बार फाइनल में पहुंच चुकी है, जिसमें से 5 बार ट्रॉफी भी उठाई है. साथ ही CSK की टीम 12 बार प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुकी है. हालांकि पिछले 2 सालों में चेन्नई की टीम थोड़ी कमजोर नजर आई है. IPL 2025 में CSK की टीम का प्रदर्शन बेहद खराब रहा था. टीम प्वाइंट्स टेबल में सबसे नीचे रही थी. ऐसे में नए सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स एक बार फिर अपना दबदबा बनाने के लिए उतरेगी. ऐसे में आइए जानते हैं कि आईपीएल 2026 में CSK की प्लेइंग-11 कैसी हो सकती है…
सैमसन-म्हात्रे करेंगे ओपनिंग
IPL 2026 के लिए CSK ने संजू सैमसन का RR से ट्रेड के जरिए टीम में शामिल किया है. संजू सैमसन बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं. ऐसे में उन्हें ओपनिंग स्पॉट दिया जा सकता है. संजू के साथ 18 वर्षीय आयुष म्हात्रे पारी की शुरुआत करेंगे, जिन्होंने पिछले सीजन में शानदार प्रदर्शन किया था. ऐसे में कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ को तीसरे नंबर पर खेलना पड़ सकता है.
मिडिल ऑर्डर संभालेंगे ये बल्लेबाज
IPL 2026 में कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते दिखाई दे सकते हैं. CSK ने इस सीजन के लिए 19 साल के धाकड़ विकेटकीपर बल्लेबाज कार्तिक शर्मा को 14.20 करोड़ रुपये में खरीदा है. उन्हें एमएस धोनी के उत्तराधिकारी के रूप में देखा जा रहा है. ऐसे में कार्तिक शर्मा चौथे नंबर पर खेलते दिखाई दे सकते हैं. वहीं, सरफराज खान को शायद शुरुआती मैचों में मौका नहीं मिल पाएगा.
शिवम दुबे और ब्रेविस करेंगे पावर हिटिंग
CSK के मिडिल ऑर्डर में बेबी एबी के नाम से मशहूर डेवाल्ड ब्रेविस और शिवम दुबे खेलते नजर आएंगे. ये दोनों बल्लेबाज मिडिल ऑर्डर में तेजी से रन बनाकर टीम को मजबूती देने का काम करेंगे.
MS धोनी का क्या होगा रोल?
44 साल के एमएस धोनी लंबे समय से CSK के अहम खिलाड़ी बने हुए हैं. माना जा रहा है कि इस सीजन एमएस धोनी इंपैक्ट प्लेयर के तौर पर खेल सकते हैं. हालांकि फिलहाल उनके रोल को लेकर कोई सटीक जानकारी नहीं है. टूर्नामेंट शुरू होने के बाद उनके रोल को लेकर खुलासा होगा.
तेज गेंदबाजी में कौन संभालेगा कमान?
IPL 2026 से पहले तेज गेंदबाज नाथन एलिस के बाहर होने से सीएसके को बड़ा झटका लगा है. हालांकि अभी CSK की टीम में कई धाकड़ तेज गेंदबाज हैं, जो इस सीजन में अहम भूमिका निभाएंगे. इनमें खलील अहमद, मैट हेनरी और जेमी ओवरटन शामिल हैं.
स्पिन गेंदबाजों में कौन?
CSK की स्पिन गेंदबाजी की बात करें, तो इस साल नूर अहमद, राहुल चाहर और अकील हुसैन का बड़ा रोल होने वाला है. ये तीनों गेंदबाज चेपॉक के पिच पर काफी ज्यादा कारगर साबित हो सकते हैं. इसके अलावा अगर प्रशांत वीर प्लेइंग-11 में होते हैं, तो वे भी स्पिन गेंदबाजी का ऑप्शन लेकर आते हैं.
CSK की संभावित प्लेइंग-11
संजू सैमसन, आयुष म्हात्रे, रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), कार्तिक शर्मा, शिवम दुबे, डेवाल्ड ब्रेविस, जेमी ओवर्टन, खलील अहमद, नूर अहमद, अकील हुसैन, मैट हेनरी. (एमएस धोनी- इंपैक्ट प्लेयर)
CSK का शेड्यूल
IPL 2026 के पहले फेज में CSK कुल 4 मुकाबले खेलेगी. CSK का पहला मुकाबला 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स से होगा. इसके बाद 3 अप्रैल को पंजाब किंग्स, 5 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और 11 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबला होगा.