रोहित, विराट या धोनी… IPL 2026 के लिए किसे मिलेंगे सबसे ज्यादा पैसे, 2008 में कितनी थी सैलरी?
IPL Salary: 28 मार्च से इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का 19वां सीजन शुरू होने जा रहा है. इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम के कई स्टार खिलाड़ी खेलते नजर आएंगे. रोहित शर्मा और विराट कोहली के फैंस एक बार दिग्गज बल्लेबाजों को मैदान पर उतरने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. वहीं, महेंद्र सिंह धोनी के फैंस भी पिछले 1 सालों से ‘थाला’ की बल्लेबाजी देखने के लिए बेताब हो रहे हैं. भारतीय क्रिकेट में इन तीनों ही खिलाड़ियों का अहम योगदान रहा है. इन दिग्गज खिलाड़ियों ने भारत को कई मैच और ट्ऱॉफी जिताए हैं. अब ये तीनों आईपीएल में एक-दूसरे के खिलाफ अलग-अलग टीमों से खेलते नजर आएंगे. ऐसे में आइए जानते हैं किस खिलाड़ी को कितना पैसा मिलेगा?
धोनी को मिलेंगे कितने रुपये?
एमएस धोनी की बात करें, तो चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने IPL 2026 के लिए उन्हें 4 करोड़ रुपये में रिटेन किया है. एमएस धोनी फ्रेंचाइजी के साथ अनकैप्ड खिलाड़ी के रूप में जुड़े हैं, क्योंकि उन्हें इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लिए हुए 5 साल से ज्यादा समय हो गया है. ऐसे में इस आईपीएल सीजन के लिए धोनी को 4 करोड़ रुपये दिए जाएंगे.
धोनी की पहली IPL सैलरी
एमएस धोनी साल 2008 से ही आईपीएल खेल रहे हैं. पहले आईपीएल सीजन में एमएस धोनी सबसे महंगे खिलाड़ी थे, जिन्हें चेन्नई सुपर किंग्स ने 6 करोड़ रुपये में खरीदा था.
विराट कोहली की IPL 2026 की सैलरी
भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने IPL 2026 के लिए 21 करोड़ रुपये में रिटेन किया है. विराट कोहली साल 2008 से लेकर अभी तक सिर्फ आरसीबी के लिए खेलते आ रहे हैं.
विराट कोहली की पहली IPL सैलरी
विराट कोहली को आईपीएल के पहले सीजन में सिर्फ 12 लाख रुपये मिले थे. उस समय विराट कोहली अंडर-19 के खिलाड़ी थे. आईपीएल के पहले सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने उन्हें साइन किया था.
रोहित शर्मा की IPL 2026 में सैलरी
मुंबई इंडियंस (MI) ने रोहित शर्मा को IPL 2026 के लिए 16.50 करोड़ रुपये में रिटेन किया है. पिछले सीजन भी रोहित शर्मा को इतनी ही रकम दी गई थी.
रोहित शर्मा की पहली IPL सैलरी
आईपीएल के पहले सीजन में रोहित शर्मा को डेक्कन चार्जर्स (DC) को 3 करोड़ रुपये में खरीदा है. रोहित शर्मा साल 2007 में भारत की टी20 वर्ल्ड कप विजेता टीम का हिस्सा थे. इसके चलते उनके ऊपर 3 करोड़ रुपये तक की बोली लगी थी.
IPL इतिहास का सबसे महंगा खिलाड़ी कौन?
आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी की बात करें, तो यह रिकॉर्ड ऋषभ पंत के नाम है. आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में लखनऊ सुपर जायंट्स ने पंत को 27 करोड़ रुपये में खरीदा था, जिससे वे आईपीएल इतिहास क सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए.
28 मार्च से शुरू होगा टूर्नामेंट
IPL 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है. इस टूर्नामेंट में विराट कोहली, रोहित शर्मा और एमएस धोनी अलग-अलग टीमों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ खेलते नजर आएंगे. 2 महीने तक चलने वाले इस टूर्नामेंट का फाइनल 31 मई को खेला जाएगा.