PAK vs SL: टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हुआ पाकिस्तान, फिर भी बना डाले कई बड़े रिकॉर्ड; देखें लिस्ट
PAK vs SL Records: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 में ग्रुप-1 का आखिरी मुकाबला खेला गया. यह मुकाबला शनिवार (27 फरवरी) को पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच पल्लेकेले इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया. इस मैच में पाकिस्तान ने श्रीलंका को 5 रन से हरा दिया. इसके बावजूद पाकिस्तान की टीम सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो गई. दरअसल, पाकिस्तान को सेमीफाइनल में जाने के लिए श्रीलंका को कम से कम 65 रनों से हराना था, लेकिन ऐसा संभव नहीं हो पाया. श्रीलंका की टीम ने 212 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए 207 रन बना लिए. इससे पाकिस्तान ने करीबी मुकाबले में 5 रन से जीत हासिल की. इस जीत के बावजूद पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर हो गई. हालांकि फिर भी पाकिस्तान ने इस मुकाबले में कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए. नीचे देखें पूरी लिस्ट…
साहिबजादा फरहान ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया. शनिवार को खेले गए मुकाबले में साहिबजादा फरहान ने श्रीलंका के खिलाफ शतकीय पारी खेली. फरहान ने 60 गेंदों पर 100 रन बनाए. इसके साथ ही वो टी20 वर्ल्ड कप के एक एडिशन में 2 शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं. इससे पहले साहिबजादा फरहान ने नामीबिया के खिलाफ भी शतक लगाया था.
साहिबजादा फरहान ने तोड़ा कोहली का रिकॉर्ड
साहिबजादा फरहान ने टी20 वर्ल्ड कप के एक एडिशन में सबसे ज्यादा रन बनाने का विराट कोहली का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी तोड़ दिया. साहिबजादा फरहान ने मौजूदा विश्व कप की 6 पारियों में 76.60 की औसत से 383 रन बना दिए हैं. वहीं, विराट कोहली ने साल 2014 में 319 रन बनाए था. फरहान ने 12 साल बाद कोहली का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया है.
सबसे बड़ी ओपनिंग पार्टनरशिप
श्रीलंका के खिलाफ पाकिस्तान ने एक बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया. पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान और फखर जमां ने पहले विकेट के लिए 176 रनों की पार्टनरशिप की. यह टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है.
साहिबजादा फरहान ने ये रिकॉर्ड भी बनाया
साहिबजादा फरहान ने पाकिस्तान के लिए टी20 वर्ल्ड कप में दूसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर खड़ा किया. फरहान ने श्रीलंका के खिलाफ 100 रनों की पारी खेली. इससे पहले नामीबिया के खिलाफ भी फरहान ने नाबाद 100 रन बनाए थे. बता दें कि पाकिस्तान के लिए टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड अहमद शहजाद के नाम दर्ज है. शहजाद ने साल 2014 में बांग्लादेश के खिलाफ नाबाद 111 रनों की पारी खेली थी.
अबरार अहमद ने बनाया खास रिकॉर्ड
पाकिस्तान के स्पिनर गेंदबाज अबरार अहमद ने इस मुकाबले में बड़ा कारनामा किया. उन्होंने इस मैच में अपने 50 T20I विकेट पूरे किए. इसी के साथ वह पाकिस्तान के लिए सबसे कम मैचों में 50 विकेट लेने वाले संयुक्त रूप से तीसरे गेंदबाज बने हैं. अबरार अहमद ने 38 मैचों में यह कारनामा किया है.
टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान का सबसे बड़ा स्कोर
पाकिस्तान ने श्रीलंका के खिलाफ 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 212 रन बनाए. यह पाकिस्तान के लिए टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर है.
पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा छक्के
पाकिस्तान के बल्लेबाज फखर जमां ने श्रीलंका के खिलाफ 84 रनों की शानदार पारी खेली. इस दौरान फखर के बल्ले से 4 छक्के आए. इससे उन्होंने पाकिस्तान के लिए T20I में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. फखर जमां के नाम 99 छक्के दर्ज हो गए हैं. इस मामले में दूसरे नंबर पर मोहम्मद रिजवान हैं, जिनके टी20 में 95 छक्के हैं.
कैसा रहा मैच?
पाकिस्तान ने श्रीलंका के खिलाफ 212 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. इसके जवाब में उतरी श्रीलंका की टीम ने टारगेट चेज करते हुए 20 ओवर में 207 रन बना दिए. पाकिस्तान ने सिर्फ 5 रनों से मैच जीता.