हरभजन सिंह से लेकर रविंद्र जडेजा तक… IPL इतिहास के 8 ऐसे खिलाड़ी, जिन पर BCCI ने लगाया था बैन
Players Who Got Banned In IPL: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में भारत समेत दुनिया भर के कई स्टार खिलाड़ी खेलते नजर आते हैं. इस लीग में एक से बढ़कर एक रोमांचक मैच देखने को मिलते हैं. हालांकि मैच को रोमांच के अलावा कई बार विवाद भी देखने को मिलता है. आईपीएल इतिहास में कई बार बड़े विवाद हुए हैं, जिसको लेकर खिलाड़ियों पर बैन भी लगाया गया है. इनमें विवादित खिलाड़ियों की लिस्ट में कई भारतीय शामिल हैं. उनके अलावा ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड समेत अन्य देशों के भी खिलाड़ी IPL में बैन का सामना कर चुके हैं. नीचे देखें IPL में बैन हो चुके खिलाड़ियों की लिस्ट…
प्रवीण तांबे
भारत के पूर्व दिग्गज लेग स्पिनर प्रवीण तांबे ने साल 2013 में 42 साल की उम्र में राजस्थान रॉयल्स के लिए अपना डेब्यू किया. उन्होंने डेब्यू सीजन में अच्छा प्रदर्शन किया. इसके बाद साल 2014 में भी राजस्थान रॉयल्स के लिए 15 विकेट चटकाए. फिर साल 2019 में कोलकाता नाइट राइडर्स ने प्रवीण तांबे पर बोली लगाई, लेकिन BCCI ने उनके खेलने पर रोक लगा दी. इसकी वजह थी कि तांबे ने 2018 में टी10 लीग में खेला था. इसके चलते उन्हें IPL से बैन कर दिया गया.
रविंद्र जडेजा
चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा भी IPL में बैन का सामना कर चुके हैं. 2008 में जडेजा ने राजस्थान रॉयल्स के लिए आईपीएल का खिताब जीता. फिर अगले सीजन भी जडेजा ने RR के लिए खेला, लेकिन 2010 का IPL नहीं खेल पाए. इसकी वजह यह थी कि जडेजा ने राजस्थान रॉयल्स को बताए बिना ही मुंबई इंडियंस के साथ सौदेबाजी कर ली थी. यह BCCI के नियमों का उल्लंघन है, जिसके लिए रविंद्र जडेजा को 1 साल के लिए बैन कर दिया गया.
स्टीव स्मिथ
ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज स्टीव स्मिथ साल 2018 में राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी करने वाले थे, लेकिन वह टूर्नामेंट ही नहीं खेल पाए. दरअसल, स्टीव स्मिथ 2018 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ न्यूलैंड्स टेस्ट के दौरान बॉल टेम्परिंग विवाद में शामिल थे. इसके चलते क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने स्मिथ पर एक साल का बैन लगाया. इसी वजह से स्मिथ को IPL से भी बैन कर दिया गया.
डेविड वॉर्नर
ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर आईपीएल इतिहास के सफल कप्तानों में से एक हैं. हालांकि उन्हें भी साल 2018 में IPL से बैन का सामना करना पड़ा था. दरअसल, डेविड वॉर्नर भी बॉल टेम्परिंग विवाद में शामिल थे. इसके चलते क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने उन पर बैन लगाया था.
हैरी ब्रूक
इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज हैरी ब्रूक को IPL 2025 से पहले 2 सालों के लिए बैन लगा दिया गया. इसकी वजह थी कि हैरी ब्रूक ने IPL 2025 से पहले आखिरी समय पर खेलने से मना कर दिया था. BCCI के नियमों के तहत ऐसा करने पर उन्हें 2 सालों के लिए बैन कर दिया गया.
हरभजन सिंह
भारत के दिग्गज स्पिनर हरभजन सिंह भी IPL में बैन का सामना कर चुके हैं. दरअसल, IPL 2008 में मुंबई इंडियंस और किंग्स इलेवन पंजाब के मैच के दौरान हरभजन सिंह ने श्रीसंत को थप्पड़ मार दिया था. इस घटना के बाद हरभजन सिंह को सस्पेंड कर दिया गया. फिर उन्हें पूरे सीजन से ही बैन कर दिया गया.
ल्यूक पोमर्सबैक
पूर्व ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट ल्यूक पोमर्सबैक को भी IPL से बैन कर दिया गया था. उन पर अमेरिका में रहने वाली महिला और उसके मंगेतर पर हमला करने का आरोप लगा था. यह घटना उस समय हुई थी जब ल्यूक पोमर्सबैक रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम दिल्ली डेयरडेविल्स मैच के बाद होटल मौर्या में हुई.
मोहम्मद आसिफ
साल 2008 में पाकिस्तान के गेंदबाज मोहम्मद आसिफ को दिल्ली डेयरडेविल्स ने अपनी टीम में शामिल किया था. वह नई गेंद से दिल्ली डेयरडेविल्स के लिए घातक गेंदबाजी कर रहे थे, लेकिन फिर उनका नाम नैंड्रोलोन नामक ड्रग सेवन विवाद में आ गया. इसके चलते मोहम्मद आसिफ का IPL कॉन्ट्रैक्ट रद्द कर दिया गया. फिर उन्हें 1 साल के लिए बैन कर दिया गया.