हार्ट अटैक से पहले शरीर देते हैं ये संकेत, थकान और चक्कर आना भी है चेतावनी, न करें नजरअंदाज
Heart Attack Symptoms: आज के समय में हार्ट अटैक एक आम समस्या हो गई है. हार्ट अटैक के लगातार बढ़ते मामले चिंताजनक हैं. आज के समय में बुजुर्गों से लेकर बच्चों तक में ये समस्या देखने को मिल रही है. 2019 में एक रिपोर्ट में खुलासा हुआ था कि दिल की बीमारियों के कारण 17.9 मिलियन लोगों की मौत हो गई थी. इनमें से 85 फीसदी मौत केवल हार्ट अटैक और स्ट्रोक के कारण हुई थी. हालांकि 2021 के बाद से ये मामले बढ़ने की संभावना जताई जा रही है. बहुत से लोगों को लगता है कि हार्ट अटैक अचानक हो जाता है लेकिन ऐसा नहीं है. हार्ट अटैक आने के कुछ दिनों और कुछ महीने पहले ही इसके लक्षण दिखने लगते हैं. इन संकेतों को पहचानकर जान बचाई जा सकती है.
थकान और चक्कर
बहुत से लोगों को कितना भी आराम करने के बाद भी असामान्य थकान बनी रहती है. साथ ही अक्सर चक्कर भी आते हैं. कभी-भी ऐसा होना लाजमी है, लेकिन अगर ऐसा अक्सर होता है, तो ये हार्ट अटैक के शुरुआती लक्षण हो सकते हैं.
सीने में दिक्कत
हार्ट अटैक से पहले शरीर में कई तरह के बदलाव दिखने लगते हैं. इनमें ही सीने की परेशानी भी शामिल है. कई बार सीने में दर्द, भारीपन, जकड़न और जलन महसूस होती है.
सांस लेने में दिक्कत
हार्ट की समस्या के कारण अक्सर लोगों को सांस लेने में दिक्कत महसूस होती है. थोड़ी भी मेहनत करने से या बिना मेहनत के भी सांस लेने में तकलीफ महसूस होती है.
शरीर के ऊपरी हिस्से में दर्द रहना
हार्ट अटैक के लक्षणों में शारीरिक दर्द भी एक आम परेशानी है. इसके लक्षणों में बांहों, गर्दन, पीठ, शरीर में जकड़न, जबड़े में दर्द जैसी समस्याएं शामिल हैं.
बेहोशी महसूस होना
अक्सर हार्ट अटैक से कुछ दिनों या महीनों पहले लोगों को बेहोशी महसूस होने लगती है. साथ ही उन्हें चक्कर आने लगते हैं और ठंडा पसीना आने लगता है.
पाचन की परेशानी
पाचन से जुड़ी समस्या भी हार्ट अटैक का कारण हो सकती हैं. इस दौरान पेट में दर्द, सीने में जलन और जी मिचलाने लगता है. ऐसे में अगर आपको ऐसी समस्याएं होती हैं, तो आपको तुरंत विशेषज्ञ से संपर्क करना चाहिए.
तेज धड़कनें
इसके साथ ही अक्सर लोगों के दिल की धड़कन तेज हो जाती हैं. ये गर्दन, छाती और गले तक में धड़कन महसूस हो सकती है. ये आराम करते और मामूली काम करते हुए भी महसूस हो सकता है. ये हार्ट अटैक के संकेत हो सकते हैं.
नींद न आना
हार्ट अटैक के लक्षणों में नींद आने की दिक्कत भी शामिल है. कई बार नींद आती नहीं है, तो कई बार रात में बीच-बीच में नींद टूट जाती है. नींद की दिक्कतों को भी चेतावनी का संकेत माना जाता है.