Anil Kumble Tips For Chakravarthy: भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मार्च (गुरुवार) को टी20 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला खेला जाएगा. यह मुकाबला मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में होगा. इस बड़े मुकाबले में भारत के मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती पर सभी की निगाहें रहेंगी. वरुण चक्रवर्ती पिछले कुछ मैचों में काफी महंगे साबित हुए हैं. इस बीच भारत के पूर्व दिग्गज स्पिनर अनिल कुंबले ने वरुण चक्रवर्ती को कुछ खास टिप्स दिए हैं. भारत के महान स्पिन गेंदबाज अनिल कुंबले का कहना है कि अगर वरुण चक्रवर्ती दाएं हाथ के बल्लेबाजों से दूर गेंदें ज्यादा डालें, तो उन्हें फायदा हो सकता है.
ESPNCricinfo पर चर्चा के दौरान अनिल कुंबले ने कहा, ‘मैंने उन्हें (वरुण चक्रवर्ती) दाएं हाथ के बल्लेबाजों से दूर गेंद डालते हुए ज्यादा नहीं देखा है.’ कुंबले ने आगे कहा कि उन्हें सटीक आंकड़े नहीं पता, लेकिन चक्रवर्ती अभी भी दाएं हाथ के बल्लेबाजों के लिए खतरनाक गेंदबाज हैं. अनिल कुंबले का कहना है कि बल्लेबाज वरुण चक्रवर्ती का सामना करते समय यह समझने लगे हैं कि उन्हें क्या उम्मीद करनी चाहिए. ऐसे में अगर वह दाएं हाथ के बल्लेबाजों से दूर गेंद डालना शुरू कर दें, तो यह समस्या दूर हो सकती है, जिससे अंदर आने वाली गेंदें और भी ज्यादा असरदार हो जाएंगी.
कुंबले ने चक्रवर्ती को दी खास सलाह
पूर्व भारतीय कप्तान अनिल कुंबले (Anil Kumble) ने आगे कहा कि वरुण चक्रवर्ती दाएं हाथ के बल्लेबाजों को गेंद दूर डालने में सुधार कर सकते हैं, जिससे वो राइट हैंड बैटर्स के लिए ज्यादा खतरनाक हो जाएंगे. कुंबले ने कहा कि बल्लेबाज हर बार वरुण की गेंदबाजी को समझ नहीं पाते हैं, लेकिन शायद बैटर सिर्फ गेंद आने की उम्मीद करके खेल रहे हैं. बल्लेबाज गेंद को ढूंढने को कोशिश नहीं कर रहे हैं. ऐसे में अनिल कुंबले ने सलाह दी कि वरुण चक्रवर्ती को उसे कुछ ऐसी गेंदें भी फेंकनी चाहिए, जो अंदर की ओर जाती हों और फिर वापस अंदर आती हों.
वरुण को लेकर बॉलिंग कोच का बयान
भारतीय टीम के बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्कल ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इस दौरान मोर्कल ने कहा कि वरुण चक्रवर्ती बड़ा प्रदर्शन करना चाहते हैं. इसके लिए वे लगातार नेट्स में प्रैक्टिस कर रहे हैं. मोर्ने मोर्कल ने कहा कि वो वरुण की प्रक्रिया का खुलासा नहीं कर सकते हैं. हालांकि वह वरुण चक्रवर्ती से कहते हैं कि वरुण के पास लगभग हर गेंद पर विकेट लेने की क्षमता है. मोर्कल ने बताया कि उन्होंने वरुण से कहा है कि अगर किसी गेंद पर बाउंड्री लग भी जाए, तो जरूरी है कि उसे भूलकर पूरी ताकत से अगली गेंद पर फोकस करें. वरुण चक्रवर्ती भारतीय टीम के लिए बड़ा प्रदर्शन करना चाहते हैं, जिसके चलते वह थोड़ा दबाव महसूस करते हैं.
वरुण चक्रवर्ती का प्रदर्शन
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में वरुण चक्रवर्ती ने अभी तक भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट चटकाए हैं. वरुण चक्रवर्ती ने 7 मैचों में 7.66 की इकॉनमी से 12 विकेट अपने नाम किए हैं.