19
Ranji Trophy Final: रणजी ट्रॉफी 2025-2026 के फाइनल में चौथे दिन का खेल पूरी तरह जम्मू कश्मीर के नाम रहा. टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मैच पर अपनी पकड़ और मजबूत कर ली. वहीं कर्नाटक के लिए यह दिन अच्छा नहीं रहा. वह पहली पारी में सिर्फ 293 रन बनाकर ही ऑलआउट हो गई. दिन की शुरुआत कर्नाटक की पहली पारी से हुई. टीम ने कोशिश की कि वह बड़ा स्कोर बनाए, लेकिन जम्मू-कश्मीर के गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा.
विकेट जल्दी-जल्दी गिरते रहे और कर्नाटक की पूरी टीम 293 रन पर आउट हो गई. इस तरह जम्मू-कश्मीर को पहली पारी के आधार पर 291 रन की बड़ी बढ़त मिल गई. जम्मू कश्मीर के आकिब नबी डार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए कुल 5 विकेट अपने नाम किए. चौथे दिन के खेल में उन्होंने सिर्फ 1 विकेट लिया. लेकिन तीसरे दिन उन्होंने 4 विकेट अपने नाम किए थे. इस तरह उन्होंने एक सीजन में 60 विकेट लेने का भी कारनामा कर दिखाया.
94 रन बनाकर नाबाद हैं कामरान इकबाल
कर्नाटक के ऑलआउट होने के बाद जम्मू-कश्मीर ने अपनी दूसरी पारी शुरू की. बल्लेबाजों ने संभलकर खेला और कोई जोखिम नहीं लिया. क़मरान इकबाल ने अच्छी बल्लेबाजी की और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. उन्होंने धैर्य के साथ रन बनाए और टीम की बढ़त को और आगे बढ़ाया. वह अभी भी 94 रन बनाकर नाबाद हैं. दूसरे बल्लेबाजों ने भी उनका साथ दिया. पारस डोगरा ने 16 और अब्दुल समद ने 32 रन की पारी खेली. क्रीज पर फिलहाल कामरान इकबाल और साहिल लोटरा हैं.
जम्मू ने बनाई 477 रन की बढ़त
दिन का खेल खत्म होने तक जम्मू-कश्मीर का स्कोर 186 रन पर 4 विकेट था. अब टीम की कुल बढ़त 400 रन से ज्यादा हो चुकी है, जिससे कर्नाटक के लिए वापसी करना बहुत मुश्किल लग रहा है. जम्मू ने कुल 477 रन की बढ़त ले ली है. चौथे दिन जम्मू-कश्मीर ने गेंद और बल्ले दोनों से शानदार खेल दिखाया. अगर टीम इसी तरह खेलती रही, तो रणजी ट्रॉफी जीतने का सपना पूरा हो सकता है. ड्रॉ होने पर जम्मू को विजेता घोषित कर दिया जाएगा.