BAN vs NZ: दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग आईपीएल 28 मार्च (शनिवार) से शुरू होने जा रही है. यह टूर्नामेंट 31 मई तक चलने वाला है. इसी बीच न्यूजीलैंड की टीम बांग्लादेश का दौरा करने वाली है. ऐसे में जहां एक भारत में आईपीएल की गूंज सुनाई देगी, तो दूसरी ओर इंटरनेशनल क्रिकेट में न्यूजीलैंड और बांग्लादेश का मुकाबला खेला जा रहा होगा. आमतौर पर आईपीएल के दौरान कोई भी देश इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेलती है, क्योंकि दुनिया के ज्यादातर टीमों के खिलाड़ी आईपीएल में हिस्सा लेते हैं. हालांकि IPL 2026 में बांग्लादेश का कोई भी खिलाड़ी खेलता नजर नहीं आएगा. ऐसे में बांग्लादेश ने न्यूजीलैंड के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट का एलान कर दिया है. शेड्यूल के अनुसार, न्यूजीलैंड और बांग्लादेश के बीच 3 मैचों की वनडे और 3 मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज खेली जाएगी. न्यूजीलैंड का यह दौरान 17 अप्रैल से शुरू होगा, जो 2 मई तक चलेगा. नीचे देखें पूरा शेड्यूल…
IPL 2026 के बीच इंटरनेशनल सीरीज खेलेगा बांग्लादेश
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने न्यूजीलैंड के दौरे का शेड्यूल जारी कर दिया है. दोनों टीमों के बीच अप्रैल-मई में व्हाइट बॉल सीरीज खेली जाएगी, जिस दौरान भारत में आईपीएल खेला जा रहा होगा. हालांकि इस सीरीज का आईपीएल पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है. इसकी वजह है कि आईपीएल में बांग्लादेश का कोई भी खिलाड़ी खेलता नहीं दिखाई देगा. ऐसे में बांग्लादेश अपने बड़े खिलाड़ियों के साथ मैदान पर उतरेगी. वहीं, न्यूजीलैंड अपनी बी टीम को बांग्लादेश दौरे पर भेज सकती है. ऐसा इसलिए, क्योंकि न्यूजीलैंड के ज्यादातर बड़े खिलाड़ी आईपीएल में खेलते दिखाई देंगे.
बांग्लादेश-न्यूजीलैंड सीरीज का शेड्यूल
न्यूजीलैंड की टीम 13 अप्रैल को बांग्लादेश दौरे पर पहुंचेगी. पहले दोनों टीमों के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी, जिसकी शुरुआत 17 अप्रैल से होगी. इस सीरीज के पहले 2 वनडे मुकाबले ढाका में खेले जाएंगे, जबकि तीसरा मैच चटगांव में होगा. इसके बाद 27 अप्रैल से टी20 सीरीज शुरू होगी, जो 2 मई तक चलेगी.
- 17 अप्रैल – पहला वनडे (मीरपुर)
- 20 अप्रैल – दूसरा वनडे (मीरपुर)
- 23 अप्रैल – तीसरा वनडे (चटगांव)
- 27 अप्रैल – पहला टी20 (चटगांव)
- 29 अप्रैल – दूसरा टी20 (चटगांव)
- 02 मई – तीसरा टी20 (मीरपुर)
28 मार्च से शुरू होगा आईपीएल 2026
IPL 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होगी. यह आईपीएल का 19वां सीजन होगा, जिसका फाइनल 31 मई को खेला जाएगा. इस सीजन का ओपनिंग मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेला जाएगा.