India News (इंडिया न्यूज़), BWF World Badminton Championships 2023: डेनमार्क के कोपनहेगन में BWF विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप 2023 खेला जा रहा है। बुधवार को हुए विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में महिला युगल स्पर्धा में चांग चिंग हुई और यांग चिंग टुन की चीनी ताइपे जोड़ी को हराकर त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद की भारतीय जोड़ी ने राउंड ऑफ 16 में अपनी जगह पक्की की।

चीनी ताइपे की जोड़ी को हराया

महिला युगल स्पर्धा में त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी ने चांग चिंग हुई और यांग चिंग टुन की चीनी ताइपे जोड़ी को 38 मिनट तक चले मुक़ाबले में 21-18, 21-10 से हराया।

पहला गेम

भारतीय महिला जोड़ी की शुरुआत अच्छी नहीं रही लेकिन जल्दी ही उन्होंने अपनी लय हासिल कर ली और 13-10 के स्कोर के साथ 3 अंकों की बढ़त हासिल की। हालांकि, चीनी ताइपे की 37वें नंबर की जोड़ी ने भारत की महिला जोड़ी को चुनौती देने के प्रयास किया लेकिन त्रिशा-गायत्री की जोड़ी ने बिना कोई ग़लती किए पहले गेम को 21-18 से अपने नाम कर लिया।

दूसरा गेम

दूसरे गेम में भी भारतीय जोड़ी ने अपनी पकड़ बनाए रखी और ब्रेक तक 11-8 के स्कोर के साथ उनके पास 3 अंकों की बढ़त थी। यहां से चांग और यांग ने लगातार कई ग़लतियां की जिसका फायदा त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने उठाया और 8 अंकों की बड़ी बढ़त हासिल कर ली और चीनी ताइपे के खिलाड़ियों को वापसी का कोई मौक़ा नहीं दिया। इस तरह वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप 2023 में 15वीं वरीयता प्राप्त त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने 38 मिनट में 21-18, 21-10 से जीत दर्ज करते हुए प्रतियोगिता के राउंड ऑफ 16 में जगह बना ली।

यह भी पढ़ें-BWF World Badminton Championships 2023: सात्विक-चिराग ने अगले राउंड में बनाई जगह