50
भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान सूर्यकुमार यादव टी20 विश्व कप 2026 जीत के बाद हाल ही में सिद्दिविनायक मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान गणेश के दर्शन कर आशीर्वाद लिया. इस दौरान दोनों दिग्गजों के साथ विश्व कप की ट्रॉफी भी मौजूद थी, जिसे हाथ में लेकर उन्होंने बप्पा के सामने प्रार्थना की. यह खास पल उस समय और भी यादगार बन गया जब दोनों ने मंदिर में शांत माहौल के बीच देश की सफलता और टीम के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रार्थना की.
मुंबई का सिद्धिविनायक मंदिर देश के सबसे प्रसिद्ध गणेश मंदिरों में से एक माना जाता है, जहां अक्सर बड़े खिलाड़ी, फिल्मी सितारे और राजनेता आशीर्वाद लेने पहुंचते हैं. गौतम गंभीर और सूर्यकुमार यादव की यह यात्रा क्रिकेट फैंस के बीच चर्चा का विषय बन गई है. सोशल मीडिया पर मंदिर में उनकी तस्वीरें और वीडियो तेजी से फैल रहे हैं. इन तस्वीरों में दोनों खिलाड़ी हाथ में विश्व कप की ट्रॉफी लिए दिखाई दे रहे हैं और भगवान गणेश के सामने सिर झुकाकर प्रार्थना कर रहे हैं.
गौतम गंभीर टीम इंडिया के मुख्य कोच बनने के बाद लगातार टीम को नई दिशा देने की कोशिश कर रहे हैं. वहीं सूर्यकुमार यादव अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी और अनोखे शॉट्स के कारण दुनिया भर में मशहूर हैं. कप्तान और कोच की यह जोड़ी भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए पूरी ताकत लगाती नजर आ रही है. मंदिर में दर्शन के दौरान दोनों ने कुछ समय वहां बिताया और श्रद्धालुओं के साथ भी बातचीत की. जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ.
अगला मैच किस टीम के खिलाफ?
माना जा रहा है कि आने वाले बड़े टूर्नामेंट और चुनौतियों से पहले यह एक शुरुआत है. भारतीय संस्कृति में किसी भी बड़े अभियान से पहले भगवान का आशीर्वाद लेना शुभ माना जाता है और शायद यही सोचकर दोनों दिग्गज सिद्धिविनायक मंदिर पहुंचे. फैंस को उम्मीद है कि बप्पा का आशीर्वाद टीम इंडिया के साथ रहेगा और आने वाले समय में भारतीय क्रिकेट टीम और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल करेगी. टीम इंडिया अगला मैच अफगानिस्तान के खिलाफ जून में खेलेगी.