RCB-RR Sale: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के नए सीजन की शुरुआत से पहले 2 बड़ी टीमों की ओनरशिप में बदलाव हुआ है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और राजस्थान रॉयल्स (RR) की टीम बिक गई है. IPL टीम ट्रेड डील में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) पर 16,660 करोड़ रुपये की बोली लगी, जिससे आरसीबी IPL की सबसे महंगी टीम बन गई. वहीं, राजस्थान रॉयल्स (RR) की टीम 15,290 करोड़ रुपये में बिकी. IPL 2026 से पहले इन दो बड़े सौदों से BCCI को बड़ा फायदा हुआ है. दरअसल, आईपीएल टीम की बिक्री से BCCI को कमीशन मिलता है. ऐसे में RCB और RR के हजारों करोड़ों में बिकने से BCCI को भी बड़ा कमीशन मिलेगा. नियमों के अनुसार, जब भी किसी IPL टीम का मालिक बदलता है, तो ट्रेड डील के तहत BCCI को 5 फीसदी कमीशन मिलता है. ऐसे में RCB और RR की नीलामी होने के बाद BCCI को दोनों टीमों से 5-5 फीसदी कमीशन मिलेगा.
BCCI को मिलेगा कितना पैसा?
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (Royal Challengers Bengaluru) की टीम का सौदा 16,660 करोड़ रुपये में हुआ है. इसके हिसाब से RCB की टीम BCCI को 5 फीसदी यानी 833 करोड़ रुपये देगी. वहीं, राजस्थान रॉयल्स की टीम 15,290 करोड़ रुपये में बिकी है, जिसके हिसाब से 750 करोड़ रुपये कमीशन बनता है. इसका मतलब है कि इन दोनों टीमों के बिकने से BCCI को कुल 1,583 करोड़ रुपये मिलेंगे.
कौन हैं RCB और RR के नए मालिक?
24 मार्च को RCB और RR की नीलामी हुई है. RCB को आदित्य बिरला ग्रुप के नेतृत्व वाली कंसोर्टियम ने खरीदा है, जिसमें टाइम्स ग्रुप, ब्लैकस्टोन और बोल्ट वेंचर्स भी शामिल हैं. इस डील में RCB की पुरुष और महिला दोनों टीमें शामिल हैं. वहीं, राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) की बात करें, तो काल सोमानी के नेतृत्व वाली कंसोर्टियम ने खरीदा है. इस कंसोर्टियम में वॉलमार्ट परिवार के रॉब वाल्टन और फोर्ड परिवार की शीला फोर्ड हैम्प भी शामिल हैं.
दोनों टीमों ने 1-1 बार जीता IPL
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और राजस्थान रॉयल्स ने 1-1 बार आईपीएल का खिताब हासिल किया है. राजस्थान रॉयल्स ने सबसे पहले साल 2008 में IPL ट्रॉफी उठाई थी. वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने IPL 2025 में पहली बार खिताब हासिल किया था. अब नए सीजन में ये दोनों टीमें एक बार IPL ट्रॉफी जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेंगी. बता दें कि 28 मार्च से IPL 2026 की शुरुआत होने जा रही है. इस सीजन का पहला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा.