Andhra Pradesh Bus Accident: आंध्र प्रदेश के प्रकाशम के मरकापुरम जिले में रायवरम के पास गुरुवार (26 मार्च, 2026) सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हुआ. सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई है. स्लैब खदानों के पास एक प्राइवेट ट्रैवल बस एक टिपर लॉरी से टकरा गई. टक्कर के बाद बस में आग लग गई और वह पूरी तरह जलकर खाक हो गई.
पांच की हालत नाजुक-पी. राजा बाबू
हादसे पर प्रतिक्रिया देते हुए मरकापुरम जिले के इंचार्ज कलेक्टर पी. राजा बाबू ने कहा कि “बस में सवार 41 यात्रियों में से 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और उनके शव ले लिए गए. मरकापुरम के सरकारी अस्पताल में भर्ती 25 घायलों में से 10 को गंभीर चोटें आईं और पांच की हालत नाजुक है. पांच गंभीर लोगों को गुंटूर GGH में शिफ्ट किया जाएगा.”
कैसे हुआ हादसा?
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक हादसा एक मोड़ पर हुआ जहां एक प्राइवेट ट्रैवल्स बस सुबह 5.30 बजे से 6 बजे के बीच कनिगिरी से आ रही बजरी से भरी एक टिपर गाड़ी से टकरा गई. बस हरिकृष्णा ट्रैवल्स की है और तेलंगाना के निर्मल से आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जिले के विंजामुरु जा रही थी. दोनों गाड़ियों की टक्कर के साथ ही दोनों गाड़ियों में जबरदस्त आग लग गई, जिससे यात्रियों को बचने का ज़्यादा समय नहीं मिला. हादसे के समय बस में करीब 35-40 यात्री सवार थे.
#UPDATE | Markapuram, Andhra Pradesh | 13 people have lost their lives in a road accident that took place near Rayavaram in Prakasam district. A private travel bus collided with a tipper lorry near the slab quarries. Following the collision, the bus caught fire and was completely… https://t.co/SNLFG6X3ap pic.twitter.com/nZiMm0CHhf
— ANI (@ANI) March 26, 2026
मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका
पुलिस और फायर डिपार्टमेंट के कर्मचारी मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया और मृतकों के शवों को निकाला. घायल यात्रियों को तुरंत इलाज के लिए मरकापुरम सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया जिनकी हालत गंभीर है उन्हें ओबुला रेड्डी अस्पताल में शिफ्ट किया जाएगा. पुलिस अधिकारी मृतकों की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं ताकि उनके परिवार वालों को सूचित किया जा सके और हादसे के सही कारण की जांच की जा सके. अधिकारियों द्वारा गाड़ी के जले हुए हिस्सों में तलाशी जारी रखने के कारण मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है.
पीएम मोदी ने जताया दुख
इस बीच पीएम मोदी ने हादसे में कई यात्रियों के जलने पर गहरा दुख जताया है. पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि ‘आंध्र प्रदेश के मरकापुरम ज़िले में हुआ हादसा दुखद है. जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं. घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हों. PMNRF से हर मृतक के परिवार वालों को 2 लाख रुपये की एक्स-ग्रेसिया दी जाएगी.घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे.’
The mishap in Markapuram district, Andhra Pradesh, is tragic. Condolences to those who have lost their loved ones. May the injured recover at the earliest.
An ex-gratia of Rs. 2 lakh from PMNRF would be given to the next of kin of each deceased. The injured would be given Rs.…
— PMO India (@PMOIndia) March 26, 2026
मुख्यमंत्री ने जताया दुख
इस बीच मुख्यमंत्री नारा चंद्रबाबू नायडू ने बस हादसे में कई यात्रियों के जलने पर गहरा दुख जताया. उन्होंने अधिकारियों से घायलों को दी जा रही मेडिकल मदद के बारे में बात की.जिला पुलिस अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि घायल यात्रियों को तुरंत अलग-अलग अस्पतालों में शिफ्ट कर दिया गया है और उनका इलाज चल रहा है. मुख्यमंत्री ने उन रिपोर्टों पर चिंता जताई कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है. उन्होंने अधिकारियों को दुर्घटना के कारणों की पूरी जांच करने और एक डिटेल्ड रिपोर्ट जमा करने का निर्देश दिया.