IND vs ZIM Pitch Report: भारतीय टीम के लिए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में पहुंचने की राह काफी मुश्किल हो गई है, लेकिन अभी भी उम्मीद बची हुई है. टीम इंडिया अपने अगले दोनों मैच जीतकर सेमीफाइनल में जाने का दावा मजबूत कर सकती है. भारत को अगला मुकाबला 26 फरवरी को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में खेलना है. अगर भारत को दूसरी टीमों के रिजल्ट पर निर्भर हुए बिना ही सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करना है, तो जिम्बाब्वे को बहुत बड़े मार्जिन से हराना होगा. इसके बाद वेस्टइंडीज को भी बड़े अंतर से शिकस्त देनी होगी. हालांकि अगर साउथ अफ्रीका की टीम वेस्टइंडीज को हरा देती है, तो भारत के लिए सेमीफाइनल की राह आसान हो जाएगी. ऐसी स्थिति में भारत को सिर्फ अपने दोनों मैचों में जीत हासिल करनी होगी.
हालांकि भारत चाहेगी कि वो जिम्बाब्वे को बड़े अंतर से हराकर आगे बढ़े. ऐसे में भारतीय बल्लेबाजों को जिम्बाब्वे के खिलाफ बड़ा स्कोर खड़ा करना होगा. साथ ही उन्हें जल्दी ऑलआउट करना होगा. अभी तक भारत ने जिन पिचों पर मुकाबले खेले हैं, वहां पर भारतीय बल्लेबाजों को ज्यादा मदद नहीं मिली है. ऐसे में चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम की पिच को लेकर खूब चर्चा हो रही है. ऐसे में आइए जानते हैं कि चेपॉक की पिच पर किसे मदद मिलेगी.
चेन्नई की पिच का मिजाज?
भारतीय टीम अपना अगला मैच 26 फरवरी को चेन्नई में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेलेगी. रिपोर्ट्स के अनुसार, यह मुकाबला एमए चिदंबरम की पिच नंबर 5 पर खेला जाएगा. इस पिच में लाल और काली मिट्टी का मिश्रण है. इसके चलते गेंद आसानी से बल्ले पर आती है, जिससे बल्लेबाज खुलकर शॉट खेल पाते हैं. हालांकि पिछले कई सालों के आंकड़ों पर नजर डालें, तो चेपॉक के मैदान पर स्पिन गेंदबाजों को काफी मदद मिलती है. आमतौर पर यह पिच धीमी मानी जाती है, जिससे स्पिन गेंदबाज बड़ी चुनौती बन जाते हैं. मीडिया रिपोर्ट्स की मानें, तो भारत-जिम्बाब्वे का मैच नई पिच पर खेला जाएगा, जहां पर अभी तक कोई घरेलू मैच नहीं खेला गया है.
चेन्नई की वेदर रिपोर्ट
भारत-जिम्बाब्वे के मैच में मौसम का बड़ा रोल रह सकता है. यह मुकाबला शाम 7 बजे से खेला जाएगा. ऐसे में रात के समय मैदान पर ओस गिरने की संभावना है. ओस की वजह से गेंद गीली हो जाती है और स्पिनरों को बॉल ग्रिप करने में परेशानी होती है. इससे दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने वाली टीम के लिए टारगेट चेज करना आसान हो जाता है.
चेपॉक पर टी20 वर्ल्ड कप का रिकॉर्ड
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में अभी तक कुल 5 मुकाबले खेला जा चुके हैं. इस टूर्नामेंट के दौरान चेपॉक में अफगानिस्तान ने कनाडा के खिलाफ 200/4 का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया था. इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर 175-180 के बीच है. मौजूदा टी20 विश्व कप में इस मैदान पर पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 3 बार जीत हासिल की है, जबकि 2 बार टारगेट चेज करने वाली टीम बाजी मारी है. नीचे देखें हर मैच का रिकॉर्ड…
- 8 फरवरी- न्यूजीलैंड बनाम अफगानिस्तान (न्यूजीलैंड 8 विकेट से जीता)
- 13 फरवरी- यूएसए बनाम नीदरलैंड (यूएसए 93 रन से जीता)
- 15 फरवरी- यूएसए बनाम नामीबिया (यूएसए 31 रन से जीता)
- 17 फरवरी- न्यूजीलैंड बनाम कनाडा (न्यूजीलैंड 8 विकेट से जीता)
- 19 फरवरी- अफगानिस्तान बनाम कनाडा (अफगानिस्तान 82 रन से जीता)