India vs England SF 1987: ICC मेंस वर्ल्ड कप के नॉकआउट मैचों में अक्सर भारत और इंग्लैंड का आमना-सामना होता रहता है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) में भारत और इंग्लैंड की टीम सेमीफाइनल में भिड़ने के लिए तैयार हैं. इससे पहले टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में दो भारत-इंग्लैंड का भिड़ंत हो चुकी है. अब ये दोनों टीमें लगातार तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का सेमीफाइनल मैच खेलेंगी. यह मुकाबला 5 मार्च (गुरुवार) को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा. वैसे तो इस मैदान पर भारतीय टीम के आंकड़े काफी शानदार रहे हैं, लेकिन इसी बीच फैंस को 39 साल पुराना जख्म याद आया. दरअसल, वानखेड़े के ही मैदान पर 39 साल पहले भारत और इंग्लैंड के बीच ICC मेंस वनडे वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल मुकाबला खेला गया था, जिसमें भारत को हार का सामना करना पड़ा था. उस समय इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज ग्राहम गूच ने करोड़ों भारतीय फैंस का दिल तोड़ दिया था. जानें कैसा रहा था वो मैच…
39 साल पहले वानखेड़े में सेमीफाइनल में हुई थी भिड़ंत
साल 1987 के आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में भारत-इंग्लैंड (IND vs ENG) का आमना-सामना हुआ था. उस टूर्नामेंट में भी भारतीय टीम डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर मैदान पर उतरी थी. कपिल देव की कप्तानी वाली भारतीय टीम को इस नॉकआउट मैच में इंग्लैंड के खिलाफ 35 रन से हार का सामना करना पड़ा था. इंग्लैंड की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट के नुकसान पर 254 रन का स्कोर खड़ा करती है. सलामी इंग्लिश बल्लेबाज ग्राहम गूच ने स्वीप शॉट की मदद से 11 चौके लगाकर शतकीय पारी खेली थी. ग्राहम गूच ने 136 गेंदों पर 115 रनों की पारी खेली थी. उनके अलावा कप्तान माइक गैटिंग ने भी 56 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली थी. इसके जवाब में उतरी भारतीय टीम सिर्फ 219 रन पर ही ढेर हो गई थी, जिससे इंग्लैंड ने 35 रनों से मैच अपने नाम कर लिया था.
भारत ने क्यों गंवाया था मैच?
जब भारतीय टीम को 255 रनों का टारगेट मिला, तो सभी को उम्मीद थी भारत इसे चेज कर लेगा. हालांकि जब भारतीय टीम बल्लेबाजी करने उतरी, तो उनकी शुरुआत खराब रही. सुनील गावस्कर सिर्फ 1 चौका लगाकर आउट हो गए. भारत की ओर से मोहम्मद अजहरुद्दीन ने सबसे ज्यादा 64 रनों की पारी खेली. उनके अलावा अन्य बल्लेबाजों को अच्छी स्टार्ट मिली, लेकिन कोई बड़ी पारी नहीं खेल पाया. इसके चलते भारतीय टीम 219 के स्कोर पर ही ऑलआउट हो गई.
टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में 2 बार हुई टक्कर
टी20 वर्ल्ड कप में भी भारत और इंग्लैंड की 2 बार सेमीफाइनल में भिड़ंत हो चुकी है. पहली बार साल 2022 के सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड का आमना-सामना हुआ था, जिसमें इंग्लिश टीम ने 10 विकेट से जीत हासिल की थी. इसके बाद अगले टी20 वर्ल्ड कप टूर्नामेंट में भी भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल में पहुंचे. इस बार भारत ने पुराना हिसाब बराबर करते हुए इंग्लैंड को 68 रनों से हराया. अब भारत और इंग्लैंड एक बार फिर टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में भिड़ने के लिए तैयार हैं.