8
Shahrukh khan Controversy: आपने कभी न कभी ये तो जरूर सुना होगा कि आईपीएल से किसी प्लेयर को बैन कर दिया गया. लेकिन कभी आपने ये सुना है कि आईपीएल टीम के किसी मालिक को ही स्टेडियम में एंट्री नहीं दी जा रही है. ऐसा भी पहले हो चुका है. साल 2012 में इंडियन प्रीमियर लीग के दौरान एक बड़ा विवाद सामने आया था, जब बॉलीवुड स्टार शाहरुख खान का नाम सुर्खियों में आ गया. यह मामला कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेले गए मैच के बाद हुआ था.
मैच खत्म होने के बाद शाहरुख खान अपनी टीम और परिवार के साथ मैदान पर जाने की कोशिश कर रहे थे. उसी दौरान उनकी स्टेडियम के सुरक्षा गार्ड्स से बहस हो गई. बताया जाता है कि बात इतनी बढ़ गई कि दोनों तरफ से गुस्सा देखने को मिला. कुछ लोगों का कहना था कि शाहरुख खान नियमों का पालन नहीं कर रहे थे, जबकि शाहरुख का कहना था कि सुरक्षा कर्मियों ने उनके बच्चों के साथ गलत व्यवहार किया था. शाहरुख ने बताया था कि सुरक्षा गार्ड्स ने उन्हें अपशब्द कहे थे. जिसके बाद शाहरुख भी उनसे भिड़ते नजर आए थे.
शाहरुख ने क्या कहा था
इस घटना के बाद मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) ने सख्त कदम उठाया. उन्होंने शाहरुख खान पर वानखेड़े स्टेडियम में आने पर 5 साल का बैन लगा दिया. यह खबर आते ही हर जगह चर्चा शुरू हो गई. क्रिकेट फैंस और बॉलीवुड फैंस दोनों इस मुद्दे पर अपनी-अपनी राय देने लगे. कुछ लोग शाहरुख के खिलाफ थे तो वहीं, उनके फैंस का कहना था कि शाहरुख की यहां कोई गलती नहीं थी. यह बैन नहीं लगना चाहिए. हालांकि, शाहरुख खान ने बाद में मीडिया से बात करते हुए कहा कि वह अपने बच्चों और टीम के लिए खड़े हुए थे. उन्होंने माना कि उन्हें गुस्सा आया था, लेकिन उन्होंने किसी के साथ गलत व्यवहार करने की बात से इनकार किया.
2 साल में हटा बैन
समय के साथ यह मामला धीरे-धीरे शांत हो गया. साल 2015 में MCA ने शाहरुख खान पर लगा बैन हटा दिया. यानी कि यह बैन शाहरुख खान पर सिर्फ 2 साल तक ही रहा इसके बाद वह फिर से वानखेड़े स्टेडियम में नजर आए. यह घटना आज भी IPL के इतिहास में एक बड़ी और विवादित कहानी मानी जाती है.