इंडिया न्यूज (India News) SAFF Championship:सैफ फुटबॉल टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में शनिवार (1 जुलाई ) को भारतीय टीम लेबनान से भिड़ेगी। करो या मरो मुकबले में भारतीय कप्तान से टीम को काफी उम्मीद होगी। ग्रुप ए में भारतीय टीम दूसरे स्थान पर हैं। वहीं कुवैत पहले स्थान पर है। भारतीय कप्तान सुनील छेत्री शानदार लय में हैं और वह तीन मैचों में पांच गोल के साथ टूर्नामेंट की तालिका में शीर्ष पर है। इसमें पाकिस्तान के खिलाफ गोल की हैट्रिक भी शामिल है।
कुवैत के खिलाफ आखिरी लीग मुकाबले में छेत्री ने शानदार तरीके से गोल कर यह साबित किया कि वह अब भी अपने खेल के शीर्ष पर हैं। लेबनान के खिलाफ चुनौती से पार बनाने के लिए छेत्री को एक बार फिर से अपना दमखम दिखाना होगा। सहल अब्दुल समद, महेश सिंह और उदांता सिंह जैसे खिलाड़ियों को अपने कप्तान का साथ देने के लिए आगे आना होगा। इन सभी ने टूर्नामेंट में अच्छे से अपनी भूमिका निभाई है लेकिन छेत्री के अलावा केवल उदांता और महेश ही टीम के लिए गोल करने में सफल रहे है।