Live
Search
Home > क्रिकेट > सरफराज अहमद ने तोड़ा ICC का नियम! IND-PAK मैच के दौरान चला रहे थे मोबाइल, क्या होगा एक्शन?

सरफराज अहमद ने तोड़ा ICC का नियम! IND-PAK मैच के दौरान चला रहे थे मोबाइल, क्या होगा एक्शन?

IND vs PAK: पाकिस्तान अंडर-19 टीम के मेंटर सरफराज अहमद को लेकर नया विवाद शुरू हो गया है. भारत और पाकिस्तान के मुकाबले के दौरान सरफराज को मोबाइल फोन चलाते हुए देखा गया, जो ICC के नियमों का उल्लंघन है.

Written By: Ankush Upadhyay
Last Updated: February 2, 2026 12:12:35 IST

Mobile Ads 1x1

IND vs PAK: ICC अंडर-19 वर्ल्ड कप के सुपर सिक्स मुकाबले में भारत और पाकिस्तान के बीच मैच खेला गया. इस मुकाबले में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 58 रनों से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया. भारत-पाकिस्तान के इस मैच के दौरान एक नया विवाद भी देखने को मिला, जो पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सरफराज अहमद से जुड़ा हुआ है. दरअसल, सरफराज अहमद मेंटर के रूप में पाकिस्तान की अंडर-19 टीम से जुड़े हुए हैं. उन्होंने भारत-पाक मैच के दौरान ऐसी हरकत की, जिसको लेकर विवाद शुरू हो गया. सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हो रही है, जिसमें सरफराज अहमद मुकाबले के दौरान डगआउट में मोबाइल चलाते दिखाई दे रहे हैं. इसके चलते सरफराज पर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के नियमों को तोड़ने का आरोप लगाया गया. सोशल मीडिया पर लोगों ने सवाल खड़े कर दिए कि सरफराज अहमद को डगआउट में मोबाइल का इस्तेमाल करने की इजाजत कैसे दी गई. उनके खिलाफ सख्त एक्शन की भी मांग की जा रही है. हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि सरफराज अहमद की वायरल फोटो PMOA यानी प्लेयर और मैच ऑफिशियल एरिया का है या फिर नहीं.

क्या है ICC का नियम?

ICC के नियमों के अनुसार, PMOA में किसी भी तरह के मोबाइल लैपटॉप या इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के इस्तेमाल पर पूरी तरह बैन लगाया गया है. मैच फिक्सिंग को रोकने के लिए यह नियम बनाया गया है. ICC के नियम 4.2.1 के अनुसार, PMOA में किसी भी शख्स को किसी भी वजह से मोबाइल डिवाइस रखने या इस्तेमाल करने की इजाजत नहीं है. फिर चाहे वह इंटरनेट के लिए हो या फिर किसी और काम के लिए.

सरफराज अहमद पर होगा एक्शन?

इस विवाद को लेकर सोशल मीडिया पर सरफराज अहमद पर एक्शन लेने की मांग की जा रही है. हालांकि एक बात लोगों की नजरों से शायद छूट गई. दरअसल, सरफराज अहमद सिर्फ पाकिस्तान अंडर-19 टीम के मेंटर ही नहीं, बल्कि मैनेजर हैं. ICC के नियमों के अनुसार, टीम का मैनेज PMOA  में मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर सकता है, लेकिन सिर्फ क्रिकेट से जुड़े कामों के लिए. ऐसे में अगर देखा जाए, तो एक तरह से सरफराज अहमद ने ICC का कोई नियम नहीं तोड़ा है. हालांकि इस पर आखिरी फैसला ICC की ओर से ही लिया जाएगा.

भारत ने पाक को हराया

भारत और पाकिस्तान अंडर-19 टीम के बीच बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में रोमांचक मुकाबला खेला गया. भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान के सामने 253 रनों का टारगेट खड़ा किया. इसके जवाब में उतरी पाकिस्तान अंडर-19 टीम 194 पर ढेर हो गई. इससे भारत ने 58 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया. अब भारतीय टीम 4 फरवरी को अफगानिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल का मुकाबला खेलेगी.

MORE NEWS