India vs USA Pitch Report: ICC वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 7 फरवरी से होने जा रहा है. भारतीय टीम अपना पहला मुकाबला अमेरिका (USA) के खिलाफ खेलेगी. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर मैदान पर उतरेगी. टीम इंडिया चाहेगी कि वे जीत के साथ इस विश्व कप का आगाज करें. भारत और यूएसए का मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा. इस पिच पर हाई-स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिले हैं. ऐसे में भारत और यूएसए के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है. हालांकि भारतीय टीम दुनिया की नंबर-1 टी20 टीम है. साल 2024 में टी20 विश्व कप जीतने के बाद से ही भारतीय टीम इस फॉर्मेट में अपना दबदबा बनाए हुए है. हालांकि क्रिकेट के गेम कई बार बड़े उलटफेर भी देखने को मिलते हैं. क्रिकेट मैच में पिच का अहम रोल होता है, जिससे दोनों टीमों के सामने अलग-अलग चुनौतियां होती है. इसके अलावा ओस बड़ा फैक्टर होता है, जिससे टारगेट चेज करना आसान हो जाता है. ऐसे में आइए जानते हैं कि वानखेड़े की पिच भारत बनाम यूएसए के मैच में क्या गुल खिलाएगी?
वानखेड़े की पिच रिपोर्ट
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम की पिच पर आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए खूब मददगार होती है. यहां पर फ्लैट विकेट और छोटा ग्राउंड होने की वजह से बल्लेबाज खूब रन बनाते हैं. वानखेड़े की पिच पर अच्छी उछाल भी देखने को मिलती है, जिससे गेंद अच्छे से बल्ले पर आती है. इस मैदान पर बल्लेबाजों का खूब बोलबाला होता है, लेकिन शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिलती है. ऐसे में भारत और अमेरिका के बीच हाई-स्कोरिंग मुकाबला देखने को मिल सकता है. अभी तक वानखेड़े के मैदान पर 13 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं. इस दौरान रन चेज करने वाली टीम ने 7 बार और पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 6 बार जीत हासिल की है. इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर 175 से 190 के बीच है. ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी करने का फैसला ले सकती है. बता दें कि भारतीय टीम ने इस पिच पर कुल 6 टी20 मैच खेले हैं, जिनमें 4 जीत और 2 हार मिली है.
हेड टू हेड रिकॉर्ड
भारत और अमेरिका के बीच अभी तक कुल सिर्फ 1 ही टी20 इंटरनेशनल मैच खेला गया है. यह मुकाबला साल 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में खेला गया था. उस मैच में भारतीय टीम ने यूएसए को 7 विकेट से हराया था. अमेरिका की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 110 रन बनाए थे, जिसे भारत ने आसानी से चेज कर लिया था. अब भारत और यूएसए एक बार फिर वर्ल्ड कप में भिड़ने के लिए तैयार हैं. बता दें कि यूएसए ने पिछले 5 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 4 में जीत हासिल की है. ऐसे में अमेरिकी टीम भारत के खिलाफ होने वाले बड़े मुकाबले में अपना पूरा जोर लगाएगी.
भारत की स्क्वाड
ईशान किशन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, संजू सैमसन, वाशिंग्टन सुंदर.
यूएसए की स्क्वाड
मोनांक पटेल (कप्तान), एंड्रीज गौस (विकेटकीपर), सैतेजा मुक्कमल्ला, शयान जहांगीर, मिलिंद कुमार, शुभम रंजने, हरमीत सिंह, मोहम्मद मोहसिन, अली खान, नोस्टुश केनजिगे, सौरभ नेत्रावलकर, शैडली वान शल्कविक, शेहान जयसूर्या, जसदीप सिंह, संजय कृष्णमूर्ति.