India vs West Indies: टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup) में सुपर-8 का आखिरी मुकाबला भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेला जाएगा. यह मुकाबला 1 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में शाम 7 बजे से होगा. दोनों टीमों के लिए यह करो या मरो का मुकाबला होने वाला है. भारत-वेस्टइंडीज मैच में जीतने वाली टीम सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेगी, जबकि दूसरी टीम के लिए टूर्नामेंट का सफर खत्म हो जाएगा. यह मुकाबला एक वर्चुअल क्वार्टरफाइनल की तरह होगा. ऐसे में क्रिकेट फैंस इस मैच को लेकर काफी ज्यादा उत्साहित हैं. भारतीय क्रिकेट फैंस भी सालों से इस दिन का इंतजार कर रहे थे.
अब आखिरकार वो समय आ गया है. भारतीय टीम के पास वेस्टइंडीज से 10 साल पुरानी हार का बदला लेने का मौका है. 2016 के टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज ने भारत को बड़ा घाव दिया था. वेस्टइंडीज ने भारत को सेमीफाइनल में हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया था. उस मुकाबले में मिली हार ने करोड़ों भारतीय फैंस को दुख दिया था.
2016 में वेस्टइंडीज ने भारत को हराया
टी20 वर्ल्ड कप में भारत और वेस्टइंडीज का आखिरी बार आमना-सामने साल 2016 में हुआ था. इस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में भारत और वेस्टइंडीज के बीच टक्कर हुई थी, जिसमें टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा था. मुंबई में खेले गए सेमीफाइनल मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 2 विकेट खोकर 192 रन बनाए थे. भारत की ओर से विराट कोहली (Virat Kohli) ने नाबाद 89 रनों की पारी खेली थी. इसके अलावा रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने 43 रनों का योगदान दिया था, जबकि अजिंक्य रहाणे ने 40 रनों की पारी खेली थी.
फिर वेस्टइंडीज की टीम टारगेट चेज करने उतरी. वेस्टइंडीज की ओर से लेंडल सिमंस ने 82 रनों की नाबाद पारी खेली. इसके अलावा जॉनसन चार्ल्स ने 52 और आंद्रे रसल ने 43 रनों की अहम पारी खेली. इसके दम पर वेस्टइंडीज ने 2 गेंद बाकी रहते ही 7 विकेट से मैच अपने नाम कर लिया. इस हार से भारतीय क्रिकेट फैंस काफी ज्यादा मायूस हुए थे.
भारत-वेस्टइंडीज का हेड टू हेड रिकॉर्ड
टी20 इंटरनेशनल में हेड टू हेड रिकॉर्ड में भारतीय टीम का पलड़ा भारी रहा है. भारत और वेस्टइंडीज के बीच कुल 30 T20I मैच खेले गए हैं. इसमें से 19 मैचों में भारत ने जीत हासिल की है, जबकि 10 मुकाबले वेस्टइंडीज ने अपने नाम किए हैं. इसके अलावा 1 मैच का कोई नतीजा नहीं निकला. वहीं, टी20 वर्ल्ड कप में भारत और वेस्टइंडीज के बीच 4 मैच खेले गए हैं, जिनमें 3 बार टीम इंडिया का हार झेलनी पड़ी है. हालांकि टी20 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज का पलड़ा भारी है. टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत और वेस्टइंडीज के बीच कुल 4 मैच खेले गए हैं. इसमें से 3 मैचों में वेस्टइंडीज को जीत मिली है, जबकि 1 मैच में भारत ने जीत हासिल की है.