Mark Butcher On Vaibhav Suryavanshi: हाल ही में अंडर-19 वर्ल्ड कप में अपनी बल्लेबाजी से तूफ़ान मचाने वाले वैभव सूर्यवंशी को अब तक की सबसे बड़ी तारीफ मिली है ऐसा इसलिए क्योंकि उनकी तुलना महान गैरी सोबर्स से की जा रही है. ऐसा हम या आप नहीं कह रहे हैं बल्कि इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज मार्क बुचर उनकी जमकर तारीफ़ की है और उन्हें सोबर्स की परछाई बताया है. बुचर का मानना है कि वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी का अंदाज बिल्कुल वैसा ही है जैसा सोबर्स ने मशहूर किया था. वैभव सूर्यवंशी इस समय गजब के फॉर्म में हैं और छक्कों की बरसात कर रहे हैं. उनके लिए 2025 और 2026 का शुरूआती साल किसी सपने से कम नहीं रहा है. IPL के सबसे युवा शतकवीर बनने से लेकर इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया में शतक जड़ने तक, और फिर अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब जीतना. उनके युवा करियर की इससे बेहतर शुरुआत नहीं हो सकती थी हालांकि बुचर ने एक कदम आगे बढ़ते हुए उनकी तुलना सीधे सर गारफील्ड सोबर्स से ही कर दी और यह अपने आप में बहुत बड़ी बात है.
बुचर को सूर्यवंशी में सोबर्स दिखते हैं
वैभव सूर्यवंशी को लेकर ‘विजडन क्रिकेट वीकली पॉडकास्ट’ पर बात करते हुए बुचर ने कहा, ‘उन्हें देखते ही मेरे दिमाग में सबसे पहला नाम गैरी सोबर्स का आया. उनके बैट स्विंग की आक्रामकता, टाइमिंग और शॉट की शुद्धता बेमिसाल है. उनके हाथों की रफ्तार और पैरों का इस्तेमाल गजब का है. जिस तरह से शॉट मारने के बाद उनका बल्ला पूरा घूमकर उनकी पीठ के बीचों-बीच जाकर लगता है, वह शुद्ध रूप से सोबर्स की याद दिलाता है.’ सोबर्स को क्रिकेट इतिहास का सबसे महान ऑलराउंडर माना जाता है. वह खेल के सबसे ‘कंप्लीट’ खिलाड़ी कहे जाते हैं और 1968 में नॉटिंघमशायर की ओर से खेलते हुए ग्लैमर्गन के खिलाफ एक ओवर में छह छक्के लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज थे. पहली नजर में, महज 14 साल के सूर्यवंशी का नाम सोबर्स जैसे दिग्गज के साथ लेना थोड़ा अजीब लग सकता है, लेकिन बुचर ने अपने दावे के पीछे ठोस तर्क दिए हैं.
बुचर की खास अपील
बुचर ने आगे कहा, “मैं उस पीढ़ी के लोगों से कहूंगा जिन्होंने सर गैरी सोबर्स को खेलते नहीं देखा, कि वे मैल्कम नैश के खिलाफ उनके छह छक्कों वाला वीडियो जरूर देखें. मैं कसम खाकर कहता हूं, सूर्यवंशी बिल्कुल वैसे ही दिखते हैं. उन्हें खेलते देखना अद्भुत है. जिस तरह से वह बैट स्विंग के लिए अपने पैरों का इस्तेमाल करते हैं और शॉट के बाद बल्ला उनकी रीढ़ की हड्डी पर जाकर लगता है, वह हूबहू सोबर्स जैसा है.’