Bihar Crime News: बिहार के दरभंगा में हुई लूट के आरोपियों के लिए सर्च अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान पुलिस बम ब्लास्ट हुआ, जिसमें दो सब इंस्पेक्टर समेत 5 लोग घायल हो गए. इस घटना में गायब हुए सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया. बता दें कि बेगूसराय के नावकोठी थाना क्षेत्र अंतर्गत वृंदावन गांव में दरभंगा लूट कांड के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सर्च अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान अचानक बम ब्लास्ट हो गया, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई. इस घटना में सब-इंस्पेक्टर समेत 5 पुलिसकर्मी घायल हो गए.
फूलों में छुपाया था विस्फोटक
जानकारी के अनुसार, दरभंगा पुलिस और बेगूसराय पुलिस की संयुक्त टीम नामजद आरोपियों की तलाश में वृंदावन गांव में छापेमारी करने पहुंची थी. बदमाशों ने अपने ठिकाने पर पहले से ही मिट्टी के नीचे विस्फोट छिपाकर रखा था, जो अचानक फट गया. बताया जा रहा है कि यह विस्फोटक फूलों के बगीचे के भीतर बाउंड्री के अंदर दबाकर रखा गया था.
एक आरोपी गिरफ्तार
घटना के बाद पुलिस ने मौके का फायदा उठाकर वहां से भागने की कोशिश कर रहे एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. साथ ही लूटे गए जेवरात की बरामदगी की भी सूचना सामने आई है. घायल पुलिसकर्मियों में दरोगा बीके ओझा, गुड़िया कुमारी तथा एसटीएफ के जवान नगीना, ज्ञानी और धर्मेंद्र शामिल हैं. सभी को नावकोठी पीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है. पुलिस के अनुसार सभी की स्थिति सामान्य है.
मौके पर पहुंचे एसपी मनीष
घटना की सूचना मिलते ही एसपी मनीष स्वयं मौके पर पहुंचे और पूरे अभियान की मॉनिटरिंग की. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उस इलाके को चारों तरफ से सील कर दिया गया. साथ ही अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान जारी है. एसपी मनीष ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि दरभंगा लूट कांड और एक्सिस बैंक लूट कांड के आरोपियों के यहां छिपे होने की सूचना मिली थी. इसी आधार पर संयुक्त कार्रवाई की गई और सर्च अभियान के दौरान पहले से रखा गया विस्फोटक ब्लास्ट हो गया. इस धमाके में कुछ पुलिसकर्मी हल्के रूप से घायल हुए हैं.
इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाया गया है और हर पहलू की गहन जांच की जा रही है. साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है. फिलहाल, इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है और फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है.