IRCTC SMS Alert: दिवाली और छठ पर दिल्ली-एनसीआर से यूपी-बिहार जाने की सोच रहे हैं और कन्फर्म टिकट नहीं मिल पा रहा? अब परेशान होने की बिल्कुल जरूरत नहीं है. उत्तर रेलवे लाया है एक खास सर्विस, जैसे ही स्पेशल ट्रेन में सीटें खाली होंगी या नया डिब्बा जुड़ेगा, आपके फोन पर तुरंत मैसेज आएगा. जानें कैसे काम करता है रेलवे का यह नया अलर्ट सिस्टम और कैसे आसानी से मिलेगी आपको कन्फर्म सीट.
अब रेलवे SMS भेजकर बताएगा कहां खाली है ट्रेन में सीट
दिवाली और छठ जैसे बड़े त्योहारों के दौरान दिल्ली-एनसीआर से बिहार और उत्तर प्रदेश जाने वाली नियमित ट्रेनों में कन्फर्म टिकट मिलना बेहद मुश्किल हो जाता है. लंबी वेटिंग लिस्ट और तीन गुना तक बढ़े हवाई किराए के बीच लाखों यात्रियों की उम्मीदें ‘स्पेशल ट्रेनों’ पर ही टिकी रहती हैं. यदि आपको भी अब तक नियमित ट्रेनों में कन्फर्म सीट नहीं मिली है, तो चिंता करने की जरूरत नहीं है. उत्तर रेलवे (Northern Railway) ने यात्रियों की इस परेशानी को दूर करने के लिए एक नई और आधुनिक तकनीक-आधारित सुविधा शुरू की है.
अक्सर देखा जाता है कि यात्रियों को स्पेशल ट्रेनों के चलने या उनमें सीटें खाली होने की सही समय पर जानकारी नहीं मिल पाती. इस वजह से कई सीटें खाली रह जाती हैं, और यात्रियों को मजबूरी में आखिरी वक्त पर ‘तत्काल’ (Tatkal) टिकट के लिए धक्का-मुक्की करनी पड़ती है.
रेलवे ने इस समस्या का एक आसान समाधान निकाला है. पिछले एक साल के दौरान रेलवे ने पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, गया, गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज जैसे यूपी-बिहार के मुख्य रूटों पर सफर करने वाले यात्रियों के मोबाइल नंबर का एक डेटाबेस तैयार किया है. अब जब भी इन रूटों पर किसी नई स्पेशल ट्रेन की घोषणा होगी या किसी ट्रेन में सीटें बढ़ाने के लिए नया कोच (डिब्बा) जोड़ा जाएगा, तो उस रूट के यात्रियों को उनके मोबाइल पर तुरंत बल्क एसएमएस (SMS) आ जाएगा.
मोबाइल पर मैसेज मिलते ही यात्री बिना कोई देरी किए IRCTC ऐप से या नजदीकी रेलवे काउंटर पर जाकर अपनी कन्फर्म सीट बुक करा सकेंगे.
त्योहारों के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों के सफर को आरामदायक बनाने के लिए उत्तर रेलवे ने इस साल स्पेशल ट्रेनों की संख्या में बड़ा इजाफा किया है. अक्टूबर के मध्य से लेकर नवंबर के अंत तक चलाने के लिए उत्तर रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों के लगभग 1,000 फेरों (Trips) की योजना बनाई है.
बीते साल देशभर में त्योहारों के दौरान 12,000 से अधिक स्पेशल ट्रेनों के चक्कर लगाए गए थे. इनमें से अकेले उत्तर रेलवे ने 5,500 से अधिक फेरे चलाकर यात्रियों को 1 लाख से ज्यादा अतिरिक्त सीटें दी थीं.
रेलवे अधिकारियों का अनुमान है कि इस साल स्पेशल ट्रेनों के जरिए यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं और सीटों की संख्या पिछले साल से भी अधिक होगी.
NEET UG 2027: NEET-UG की परीक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव की तैयारी चल रही है.…
Thai Maman scheme: तमिलनाडु में नवजात बच्चों को 1 ग्राम सोने की अंगूठी क्यों दी…
Hathras couple murdered: हाथरस के सादाबाद में रविवार सुबह 58 वर्षीय पूर्व फौजी शमशुद्दीन और…
Right to choose life partner: इलाहाबाद हाईकोर्ट ने गाजियाबाद की 26 वर्षीय सोनिका चौहान को…
Rise And Fall 2: राइज एंड फॉल 2 में सिवेत तोमर ने शहजाद पूनावाला से…
UP chunav 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सपा और कांग्रेस के बीच…