Mayur Vihar Pocket 1 Metro Station: दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने शनिवार को बड़ी घोषणा करते हुए दिल्ली के मयूर विहार पॉकेट-1 मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर ‘श्री राम मंदिर मयूर विहार’ रखा है. गौरतलब है कि मयूर विहार पॉकेट-1 मेट्रो स्टेशन का नाम मंदिर के नाम पर रखने की लगातार मांग की जा रही थी. यह मांग श्री सनातन धर्म सभा मयूर विहार मैनेजमेंट कमेटी, श्री राम मंदिर, पॉकेट-1 और स्थानीय निवासियों द्वारा अलग-अलग स्तरों पर उठाई गई थी. इसे ध्यान में रखते हुए, दिल्ली सरकार ने DMRC को यह बदलाव करने का सुझाव दिया था. नाम क्यों बदला गया? मयूर विहार पॉकेट-1 मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर ‘श्री राम मंदिर मयूर विहार’ कर दिया गया है. कहा जा रहा है कि मयूर विहार पॉकेट-1 और फेज-1 मेट्रो स्टेशन एक-दूसरे के काफी करीब थे, जिससे यात्रियों में कन्फ्यूजन होता था. कई बीजेपी नेताओं ने भी DMRC से इस मेट्रो स्टेशन का नाम बदलने की मांग की थी. अब दिल्ली सरकार के सुझाव पर मेट्रो स्टेशन का नाम बदल दिया गया है. सूत्रों के अनुसार, यह नाम बदलाव दिल्ली में स्टेट नेम्स अथॉरिटी (SNA) की सिफारिश पर किया गया है. यह दिल्ली सरकार के तहत 29 सदस्यों वाली एक बॉडी है, जिसकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री करते हैं. यह MCD/NDMC के तहत आने वाले इलाकों को छोड़कर, दिल्ली के NCT में सड़कों, पार्कों, कॉलोनियों और अन्य जगहों के नाम रखने या बदलने का फैसला करती है. विधायक रविकांत उज्जैनवाल ने दी जानकारी विधायक रविकांत उज्जैनवाल ने बताया कि मयूर विहार पॉकेट-1 और मयूर विहार फेज-1 मेट्रो स्टेशनों के नामों में समानता के कारण लोग अक्सर गलत स्टेशन पर उतर जाते थे. पॉकेट-1 में स्थित श्री राम मंदिर बड़ी संख्या में लोगों की आस्था का केंद्र है. इसलिए, स्टेशन का नाम मंदिर के नाम पर रखने की लंबे समय से मांग की जा रही थी. DMRC ने स्थानीय निवासियों और श्री सनातन धर्म सभा की लंबे समय से चली आ रही मांग के आधार पर यह बदलाव किया है. इससे यात्रियों का कन्फ्यूजन खत्म होगा और इलाके की धार्मिक पहचान भी मजबूत होगी.