Car Theft in Delhi: रात 3:50 का समय, सूनसान सड़कें और शांत रास्ते… पूरी सोसायटी गहरी नींद में सो रही थी. इसी बीच दो व्यक्ति एक कार में बैठकर आते हैं और कुछ ही सेकंड में घर के बाहर खड़ी कार को उड़ा ले जाते हैं. दरअसल, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो शेयर की गई है, जिसमें देखा जा सकता है कि दो लोग आकर घर के बाहर खड़ी कार को गायब कर देते हैं. ये वीडियो दिल्ली के रोहिणी सेक्टर 3 की बताई जा रही है.
वीडियो में क्या है?
बता दें कि वीडियो में एक सिल्वर सेडान धीरे-धीरे एक खड़ी टाटा नेक्सन के पास से गुज़रती दिख रही है. इसके बाद वो कार आगे जाकर रुक जाती है. इसके बाद वो कार वापस पीछे आती है और टाटा नेक्सॉन के बगल में आकर खड़ी हो जाती है ताकि सड़क पर किसी की नजर उस पर न पड़े.
रात के 3.54 A.M। रोहिणी सेक्टर 3, दिल्ली। पूरी सोसाइटी सो रही थी।
एक सिल्वर सेडान धीरे-धीरे एक खड़ी टाटा नेक्सन के पास से गुज़री। फिर रुकी। फिर पीछे आई → बिल्कुल उस SUV के बराबर में खड़ी हो गई। रोड से नज़र न पड़े, इसलिए।
एक आदमी उतरा। काले कपड़े। दो कदम में ड्राइवर साइड डोर पर… pic.twitter.com/mZCn9dyC9z
— Rajneeti Tadka 🌶️ (@RajneetiTadka) April 11, 2026
उसी समय उस कार में से एक काले कपड़े पहने हुए आदमी उतरता है और दो कदम चलकर वो पास खड़ी कार के ड्राइव साइड डोर पर जाकर खड़ा हो जाता है. वो कुछ सेकंड में ही फटाफट कार का लॉक तोड़ता है. नेक्सन की हेडलाइट्स जलती हैं और कार का इग्निशन बायपास जाता है. इसके बाद क्या था वो एसयूवी अब चोरों के हाथों में पहुंच चुकी थी. कार कुछ ही सेकंड में अपनी जगह से पीछे हटने लगती है. 30 सेकंड के अंदर दोनों गाड़ियां गायब हो जाती हैं.
पुरानी खिलाड़ी हैं चोर?
इस वीडियो को देखकर लगता है कि ये सोची समझी चोरी थी. यानी सेडान की पॉजिशन, रात का समय और एंट्री-एग्जिट की टाइमिंग, सब कुछ रिहर्स्ड था. इससे साफ था कि ये चोर काफी समय से यही काम कर रहे हैं. ऐसे में आपको अपनी गाड़ी को सुरक्षित रखने के लिए कुछ चीजों का ध्यान रखना जरूरी है. इसकी मदद से आप अपनी कारों को चोरी होने से बचा सकते हैं.
कार को चोरी से बचाने के उपाय
अगर आप चाहते हैं कि जैसा इस वीडियो में हुआ वो आपके साथ कभी न हो, तो आपको कुछ चीजों का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है. कार को चोरी से बचाने के लिए गाड़ी को हमेशा लॉक करके रखें. स्टीयरिंग व्हील लॉक लगाएं, कार को जीपीएस ट्रैकिंग पर रखें और गाड़ी में अलार्म सिस्टम का इस्तेमाल करें. इसके अलावा पार्किंग मोड, डैशकैम और स्टीयरिंग लॉक का इस्तेमाल करें. कभी भी गाड़ी की चाबियों को गाड़ी के अंदर न छोड़ें और कीलेस एंट्री वाली कारों के लिए सिग्नल ब्लॉकर पाउच का इस्तेमाल करें.