Haryana News: आजकल नकली शादी का भी ट्रेंड चल गया है. ऐसा ही एक मामला हरियाणा में करनाल के घरौंडा से सामने आया है, जहां दुल्हन शादी के एक दिन बाद ही गायब हो गई. और शादी के नाम पर बिचौलियों ने करीब 90 हजार रुपये वसूल लिए.
क्या है पूरा मामला?
आरोप है कि कुछ बिचौलियों ने परिवार को बेटे की शादी करवाने का भरोसा देकर कई सारे खर्चे बताकर लगातार पैसे लिए. फिर शादी होने के बाद दुल्हन सिर्फ एक दिन ही ससुराल में रही और मायके चली गई. जब ससुराल वाले उसे लेने पहुंचे, तो लड़की पक्ष ने उसे भेजने से मना कर दिया. फिर गांव कलहेड़ी की रहने वाली दुल्हे की मां ने घरौंडा थाना पुलिस में शिकायत की. उसने बताया कि 13 नवंबर 2025 को उसके बेटे की शादी का रिश्ता कराने का प्रस्ताव रखा गया था. यह प्रस्ताव करनाल के मांगा राम, गांधी नगर की सीमा और उनके साथियों आरती व गौरव ने दिया था. साथ ही मोदीपुर ढाकला के गुरनाम सिंह का नाम भी इस मामले में सामने आया है. आरोप है कि इन सभी ने मिलकर शादी तय कराने का आश्वासन दिया और इसी बहाने पैसे लिए.
करीब 90 हजार रुपये ठगे
शिकायत में कहा गया कि बिचौलिये ने मांग भराई, श्रृंगार, कपड़े, मेहंदी, पंडित, वाहन किराया और फोटोग्राफर जैसे खर्चों के नाम पर पैसे वसूले. अलग-अलग तिथियों में दी गई इन राशियों को जोड़ने पर कुल खर्च करीब 90300 रुपये बैठता है. महिला ने आरोप लगाया कि इसके बाद भी अतिरिक्त पैसों की मांग की जाती रही. शादी के बाद पूजा सिर्फ एक दिन ससुराल में रही, फिर आरोपी उसे लेकर चले गए. हालांकि शिकायत के बाद पुलिस जांच कर रही है. घरौंडा पुलिस थाने के जांच अधिकारी उमेश त्यागी ने बताया कि गांव कलहेड़ी की महिला की शिकायत के आधार पर प्रारंभिक जांच की जा रही है.