MP Farmers Schemes: भारत सरकार द्वारा अक्सर किसानों को लेकर कोई न कोई योजनाएं निकाली जाती हैं ताकि किसानों को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े. सरकार द्वारा किसानों को किसान विकास सम्मान निधी का भी लाभ दिया गया है, जिसके तहत उन्हें सालाना 6 हजार रुपये मिलते हैं. ऐसे ही राज्य सरकारें भी किसानों के लिए कुछ न कुछ योजनाएं निकालती रहती हैं. इसी तरह मध्य प्रदेश में पीएम किसान और मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना मिलकर किसानों को सालाना 12000 रुपये दे रही हैं.
अगर आप मध्य प्रदेश के निवासी हैं तो निश्तितौर पर आप इस योजना का लाभ उठाकर अपने खाते में सालाना 12000 रुपये की आर्थिक मदद ले सकते हैं. चलिए जानते हैं इसके बारे में.
कैसे मिलेंगे हर साल 12000 रुपये
दरअसल, मध्य प्रदेश में सरकार द्वारा प्रदेश में मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना की शुरुआत की गई है. इस योजना के तहत हर किसान को 6000 रुपये की सालाना धन राशि आर्थिक सहायता के तौर पर दी जाएगी. वहीं, किसानों को केंद्र सरकार द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का भी लाभ दिया जाएगा तो दोनों योजनाओं को मिलाकर किसानों को कुल 12000 रुपये मिल सकेंगे. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों स्कीमों को मिलाकर मध्य प्रदेश के लगभग 84 लाख से ज्यादा किसान परिवारों को यह धन राशि मिल रही है.
कौन उठा सकता है योजना का लाभ?
सरकार की मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना का लाभ उन लोगों को मिल पाएगा, जो किसान पहले से ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ उठा रहे हैं. अगर आप इस स्कीम का लाभ नहीं उठा रहे हैं तो ऐसे में मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना का लाभ आप लोगों को नहीं मिल पाएगा. इन दोनों योजनाओं का लाभ आपको एकसाथ मिल सकता है. इसके अलावा सरकारी कर्मचारी इस योजना का पात्र नहीं माना जाता है.