Watch Video: ग्वालियर के स्टेशन बजरिया तिराहे पर रॉन्ग साइड से आ रहे बाइक सवार को रोकना पुलिसकर्मियों को भारी पड़ गया. पहले बहस हुई, फिर गाली-गलौज और उसके बाद दोनों तरफ से थप्पड़ चल गए. इस दौरान एक आरक्षक ने पाइप से युवक की पिटाई कर दी. घटना का वीडियो अब सामने आया है, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया है.
रॉन्ग साइड आने पर रोका तो करने लगा बहस
पुलिस के मुताबिक, स्टेशन बजरिया तिराहे पर चेकिंग के दौरान ASI सोनेराम ने रॉन्ग साइड से आ रहे बाइक सवार को रोका था. इस पर युवक भड़क गया और पुलिसकर्मियों से बहस करने लगा. आरोप है कि युवक ने पुलिसकर्मियों को गालियां देते हुए कहा- ‘तुम हमारे नौकर हो, हमारे ही पैसों से तुम्हारी नौकरी चलती है और वेतन मिलता है.’ बहस बढ़ने पर माहौल गर्म हो गया और वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई.
ग्वालियर के स्टेशन बजरिया तिराहे पर रॉन्ग साइड से आ रहे बाइक सवार युवक को रोकने पर ट्राफिक पुलिस से संवाद का वीडियो वायरल। बहस और गाली-गलौज के बाद ASI सोनेराम ने युवक को चांटा मारा, तो जवाब में युवक ने भी ASI को थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद आरक्षक अंकित शर्मा ने पाइप से युवक की पिटाई कर दी। अब ऐसे ट्राफिक पुलिस काम करेगी?
— खुरपेंच बुंदेलखंड (@Khurpenchbundel) November 10, 2026
ASI को थप्पड़ पड़ा तो आरक्षक ने पाइप से पीटा
बहस के दौरान ASI सोनेराम ने युवक को चांटा मार दिया. जवाब में युवक ने भी ASI को थप्पड़ जड़ दिया. यह देखकर पास में मौजूद आरक्षक अंकित शर्मा भड़क गया और उसने पाइप से युवक की पिटाई शुरू कर दी. बताया जा रहा है कि यह घटना दो दिन पुरानी है, लेकिन इसका वीडियो मंगलवार को सामने आया. वीडियो में पुलिसकर्मी युवक को पीटते हुए साफ नजर आ रहे हैं.
ये भी पढ़ें: Caught on Camera: मुंबई पुलिस क्वार्टर में ब्लास्ट से मचा हड़कंप, धमाकों के बाद भीषण आग; देखें वीडियो
पुलिस ने युवक पर दर्ज किया केस
हंगामे की सूचना पर पड़ाव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई. पुलिस ने उसकी बाइक भी जब्त कर ली है. पुलिस ने युवक के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने सहित संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. वहीं, वीडियो सामने आने के बाद पुलिसकर्मियों की कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहे हैं.