वीकेंड वाले दिन अक्सर लोग लॉन्ग ड्राइव पर जाना पसंद करते हैं. लॉन्ग ड्राइव पर जाने से पहले आपको कुछ बातों का ध्यान जरूर रखना चाहिए जैसे कार की मेंटेनेंस को चेक कना, टायर के प्रेशर को जांचना और इंजन की परफॉर्मेंस को देख लेना काफी जरूरी होता है. कई बार इन छोटी-छोटी लापरवाही के चलते कार में बड़ी समस्या हो सकती है. अक्सर लोग लॉन्ग ड्राइव पूरी करने के बाद कार को तुरंत बंद कर देते हैं.
देखा जाए तो यह एक गलत प्रैक्टिस है, जो आपकी कार की सेहत को प्रभावित कर सकती है. इससे आपका इंजन खराब हो सकता हैं. इसलिए कार को ड्राइव करने के बाद कुछ सेकेंड तक इंजन को ऑन रखें उसके बाद कार को स्विच ऑफ करें.
लॉन्ग ड्राइव के बाद कार तुरंत बंद करने के नुकसान
अगर आप किसी भी लॉन्ग ड्राइव को पूरी करने के बाद अगर कार को तुरंत स्विच ऑफ कर देते हैं तो इससे आपका इंजन डैमेज हो सकता है. दरअसल, ऐसा करने से इंजन ओवरहीट करने लगता है. ऐसी स्थिति में कूलिंग सिस्टम अचानक से बंद हो जाता है, जिससे ड्राइविंग के दौरान इंजन में जो हीट हुई थी वह बिना कूल हुए इंजन में ही रह जाती है. इससे धीरे-धीरे करके इंजन काम करना कम कर देता है. इस प्रैक्टिस को लंबे समय तक फॉलो करने से आपके इंजन ऑयल पर भी असर पड़ता है. दरअसल, ऐसी स्थिति में इंजन गर्म रहता है, जिससे आपका इंजन ऑयल भी जल सकता है. खासतौर पर यह समस्या टर्बो चार्ज्ड इंजन में ज्यादा देखी जाती है.
क्या है सही तरीका
अगर आप अपने इंजन की सेहत को लंबे समय तक स्वस्थ रखना चाहते हैं तो ऐसे में कार ड्राइव करने के तुरंत बाद इंजन बंद करने के बजाय आपको कम से कम 30 सेकेंड का इंतजार करना चाहिए. इसके बाद आपका इंजन कूल होने लगता है, जिसके बाद आप कार को बंद कर सकते हैं. हालांकि, टर्बो इंजन में आपको कम से कम एक मिनट तक इंजन को चालू रखना चाहिए ताकि इंजन अच्छी तरह कूल हो सके.