India News (इंडिया न्यूज), Biggest Family: मिजोरम के बटवांग गांव में रहने वाले जियोना चाना का परिवार दुनिया का सबसे बड़ा संयुक्त परिवार माना जाता है। उनके परिवार में कुल 181 सदस्य हैं, जो 100 कमरों वाले विशाल घर में रहते हैं। इस परिवार की खासियत यह है कि जियोना चाना ने 39 शादियां कीं, जिनसे उनके 94 बच्चे, 14 बहुएं और 33 पोते-पोतियां हैं। इतना ही नहीं, परिवार में एक परपोता भी शामिल है।
जियोना चाना का मानना था कि अगर उन्हें किसी से प्यार हो जाए, तो उन्हें शादी करने में संकोच नहीं करना चाहिए। यही वजह है कि उन्होंने 39 बार शादी की और हर पत्नी को अपने बड़े परिवार का हिस्सा बनाया। उनके अनोखे परिवार की चर्चा पूरी दुनिया में होती है और उनका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है।
Biggest Family
बटवांग गांव में पहाड़ियों के बीच स्थित इस विशाल घर में 100 कमरे हैं। इसमें एक बड़ी रसोई भी है, जहां हर दिन परिवार के सभी सदस्यों के लिए खाना बनता है। जियोना चाना अपने परिवार को अनुशासन और प्यार से चलाते हैं। घर के सभी काम मिलकर करते हैं। महिलाएं खेती में मदद करती हैं, जबकि पुरुष लकड़ी का काम करते हैं।
इतने बड़े परिवार के लिए खाना बनाना किसी चुनौती से कम नहीं है। इस घर की रसोई में हर दिन 45 किलो चावल, 30-40 मुर्गियां, 25 किलो दाल, 60 किलो सब्जियां और दर्जनों अंडे इस्तेमाल होते हैं। इसके अलावा हर दिन 20 किलो फल भी खाए जाते हैं।
इतने बड़े परिवार का स्थानीय राजनीति पर काफी प्रभाव है। चुनावों के दौरान राजनीतिक दल जियोना चाना के परिवार से मिलने वाले वोटों को महत्वपूर्ण मानते हैं, क्योंकि जिस पार्टी की तरफ उनका झुकाव होता है, उसे भारी समर्थन मिलता है।
जियोना चाना का परिवार किसी छोटे गांव से कम नहीं है। हर मौके पर यहां उत्सव जैसा माहौल रहता है। जब परिवार के सभी सदस्य एक साथ बैठते हैं, तो नजारा किसी मेले जैसा लगता है। यह परिवार संयुक्त परिवार प्रणाली का अनूठा उदाहरण है, जिसने पूरी दुनिया में अपनी खास पहचान बनाई है।