India News (इंडिया न्यूज), Mysterious Temple: भारत को मंदिरों का देश कहा जाता है। देश में कई प्राचीन मंदिर हैं, जिनका विशेष महत्व है। सभी मंदिरों की अपनी अलग पहचान है। इनमें कई बेहद रहस्यमयी मंदिर भी हैं। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के माणक में एक रहस्यमयी मंदिर स्थित है। इस प्राचीन मंदिर का नाम महालक्ष्मी मंदिर है। मंदिर में आने वाले हर भक्त की सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं और वह धनवान बन जाता है। अपनी खबर में हम आपको कई रहस्यों को समेटे इस महालक्ष्मी मंदिर के बारे में कुछ रोचक बातें बताते हैं।
इस मंदिर में आने वाले भक्तों को सोने-चांदी के सिक्के और आभूषण दिए जाते हैं और वे इसे अपने घर ले जाते हैं। मंदिर में हर दिन सैकड़ों भक्त मां के दर्शन करने आते हैं। इस मंदिर में भक्त हर दिन मां महालक्ष्मी को करोड़ों रुपये के आभूषण चढ़ाते हैं। इसके साथ ही भक्त इस मंदिर में लाखों रुपये का दान भी करते हैं। मंदिर में भक्तों की आस्था बहुत ज्यादा है।
Mysterious Temple
इस मंदिर में दिवाली के मौके पर धन कुबेर का दरबार लगता है। इस दौरान महालक्ष्मी मंदिर में दीपोत्सव का आयोजन किया जाता है। यह कार्यक्रम धनतेरस से पांच दिनों तक चलता है। इस दौरान मंदिर को फूलों की जगह आभूषणों और पैसों से सजाया जाता है। धन कुबेर के दरबार में भक्तों को प्रसाद के रूप में सोने-चांदी के आभूषण और पैसे मिलते हैं।
दिवाली के मौके पर महालक्ष्मी मंदिर भक्तों के लिए 24 घंटे खुला रहता है। कहा जाता है कि धनतेरस पर कुबेर की पोटली खोल दी जाती है और यहां आने वाला कोई भी भक्त खाली हाथ नहीं जाता। मंदिर में कई सालों से आभूषण और पैसे चढ़ाने की परंपरा है।
मान्यताओं के अनुसार पहले राजा अपने राज्य की समृद्धि और शांति के लिए इस मंदिर में आभूषण और पैसे चढ़ाते थे। तभी से माता महालक्ष्मी को धन और गहने चढ़ाने की परंपरा चली आ रही है। कहा जाता है कि ऐसा करने से भक्तों पर मां की कृपा हमेशा बनी रहती है।