India News (इंडिया न्यूज), Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश के लखनऊ में इंटरव्यू देकर घर लौट रही महिला के साथ हुए दुष्कर्म और हत्या की घटना को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर योगी सरकार पर सवाल उठाए हैं और उनसे सवाल किया है कि क्या यही उनकी जीरो टॉलरेंस की नीति है।
सपा अध्यक्ष ने आगे कहा कि आज यूपी में महिलाएं और बच्चियां सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं। अयोध्या की एक महिला जो इंटरव्यू देने के लिए वाराणसी गई थी और उसे वापस लखनऊ में अपने भाई के घर जाना था, जिस ऑटो में वो बैठकर घर जा रही थी, उसमें उसके साथ जो कुछ भी हुआ, उसे पुलिस छुपाने की कोशिश कर रही है। सुनने में आ रहा है कि महिला के साथ वहीं दुष्कर्म कर हत्या कर दी गई।
Akhilesh Yadav
कानून व्यवस्था पर घेरा योगी सरकार को
अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सवाल उनसे है जो जीरो टॉलरेंस की बात कर रहे हैं। अयोध्या की महिला इंटरव्यू देने के लिए वाराणसी गई थी, उसे लखनऊ में अपने भाई के घर जाना था। वह ऑटो में गई थी, उस महिला ने डायल 100 को सारी जानकारी दी, इसके बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पहले उसके साथ बलात्कार किया गया और उसके बाद उसकी हत्या कर दी थी। क्या यही यूपी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति है? यह सिर्फ एक घटना नहीं है। पूरे उत्तर प्रदेश से ऐसे मामले सामने आ रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि इसके पहले प्रयागराज में एक बेटी के साथ जो घटना हुई, उसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती। जहां एक बेटी की आंखें फोड़ दी गईं, उसके साथ बलात्कार किया गया। ऐसी कई घटनाएं हो चुकी हैं। यूपी में महिलाएं और बेटियां सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं। BJP सरकार के आंकड़े खुद यह बताते हैं। छोटी-छोटी बेटियों के साथ दुष्कर्म की घटनाएं सामने आ रही हैं।
ऐसे दिया घटना को अंजाम
आपको बता दें कि यह घटना मंगलवार रात की है। जब वाराणसी से लखनऊ अपने भाई के घर लौट रही महिला ने आलमबाग बस स्टेशन के बाहर से ई-ऑटो लिया। इस घटना में महिला के साथ दुष्कर्म किया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई।