इंडिया न्यूज, आगरा :
Horrifying End of love in Agra: एक और इश्क का खौफनाक अंत हो गया। खंडेलवाल कॉम्प्लेक्स होटल में एक प्रेमी ने प्रेमिका का गला घोंट कर हत्या कर दी। बाद में खुद जहरीला पदार्थ खा लिया लेकिन उसकी किस्मत अच्छी थी जो बच गया। प्रेमी युगल के परिजन उनके रिश्ते से नाखुश थे।
Horrifying End of love in Agra
होटल में जगदीशपुरा के नगला बेर की पूजा की हत्या कर विषाक्त पदार्थ पीने वाले जोगेंद्र को अस्पताल में उपचार के बाद होश आया। पुलिस पूछताछ में बताया कि पूजा और वह शादी करना चाहते थे। मगर, उसके घरवालों ने इंकार कर दिया था। इससे ही परेशान होकर यह कदम उठाया। उधर, मृतका के पिता गोविंद सिंह ने आरोपी पर बेटी को परेशान करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि जब बेटी लापता हुई तो पुलिस से भी शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।
थाना सिकंदरा के प्रभारी निरीक्षक बलवान सिंह के मुताबिक, पुलिस की पूछताछ में जोगेंद्र ने बताया कि वह पूजा से प्यार करता है। वह भी उससे प्यार करती थी। दोनों एक ही जाति के हैं। इस कारण शादी करना चाहते थे। घर से निकलने के बाद ऐसे ही इधर उधर घूम रहे थे। बुधवार रात को होटल में पहुंचे थे। बहाने से कमरा किराये पर लिया। वह पहले से सोच कर आए थे कि अपनी जान दे देंगे। वह विषाक्त पदार्थ लेकर होटल आया था। पूजा के कहने पर उसकी दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी। दस मिनट बाद उसकी मौत हुई। बाद में उसने विषाक्त पदार्थ पी लिया।
पूजा के पिता गोविंद सिंह निजी गाड़ी चलाते हैं। पूजा पांचवीं कक्षा तक पढ़ी थी। जोगेंद्र जूते का काम करता है। उसका घर तकरीबन आधा किलोमीटर दूर है। गोविंद सिंह ने बताया कि तीन महीने पहले पूजा और जोगेंद्र के संबंध का पता चला था।
डेढ़ महीने पहले वो बेटी को ले गया था। इस पर पुलिस से शिकायत की थी। तब बेटी घर आ गई थी। जोगेंद्र ने कहा था कि वह अब पूजा से नहीं मिलेगा। माफी मांग ली थी। इस कारण मुकदमा दर्ज नहीं कराया था। इसके बाद भी वो धमकी दे रहा था।
बेटी के लापता होने पर थाना में तहरीर दी थी। इसमें जोगेंद्र का नाम भी पुलिस को बताया। कहा कि जोगेंद्र बेटी को ले गया है। मगर, सुनवाई नहीं हुई। उधर, थाना जगदीशपुरा के प्रभारी निरीक्षक प्रवींद्र कुमार सिंह ने बताया कि थाने में लिखित शिकायत नहीं की थी। युवक की मां ने सूचना दी थी। इस पर युवती के पिता को बुलाया गया था।
Connect With Us : Twitter Facebook