India News (इंडिया न्यूज),Mathura News: मथुरा में एक शख्स ने अजीबोगरीब कारनामा कर दिखाया है। शख्स के पेट में दर्द होने लगा तो उसने खुद का ऑपरेशन कर लिया। शख्स ने इंटरनेट पर ऑपरेशन का तरीका देखा। फिर मेडिकल स्टोर से एनेस्थीसिया का इंजेक्शन खरीदा। घर आकर उसने कमरे में आकर सबसे पहले खुद को इंजेक्शन लगाया और आंत में चीरा लगाया। फिर टांका लगाने लगा। 12 टांका लगाते ही उसकी हालत बिगड़ने लगी। यह मामला गांव सुनरख का है।
जब परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उसे आगरा रेफर कर दिया। फिलहाल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। यह शख्स सुनरख का 32 वर्षीय राजाबाबू पुत्र कन्हैया है। इस शख्स ने अपने पेट के निचले हिस्से में दाहिने हाथ की तरफ 7 इंच लंबा चीरा लगाया। इस दौरान सर्जिकल ब्लेड पेट के अंदर गहराई तक जाने से परेशानी बढ़ गई और दर्द भी बढ़ गया। जब खून का रिसाव होने लगा तो उसने खुद ही टांके लगाए, इसके बाद भी जब पेट में दर्द कम नहीं हुआ और खून बहना बंद नहीं हुआ तो वह दूसरे कमरे में मौजूद परिजनों के पास गया।
उसकी हालत देखकर परिजन घबरा गए और उसे तुरंत जिला अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने जब उसकी हालत देखी और पूरी घटना सुनी तो उनके भी होश उड़ गए। इसके बाद डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे आगरा एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जानकारी के मुताबिक उसने मथुरा के बाजार से सर्जिकल ब्लेड, टांके लगाने का सामान, सुन्न करने वाले इंजेक्शन समेत अन्य सामान खरीदा था।
परिजनों की मानें तो राजा बाबू का कई साल पहले अपेंडिक्स का ऑपरेशन हुआ था। इसके बाद भी उसे पेट में दर्द की शिकायत रहती थी। उसने अल्ट्रासाउंड कराया तो वह सामान्य निकला। इसके बाद दर्द से परेशान राजा बाबू ने खुद ही ऑपरेशन कर समाधान निकालने की कोशिश की। जब परेशानी बढ़ी तो उसने परिजनों को बताया और परिजन उसे अस्पताल ले गए।