India News (इंडिया न्यूज़),UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में इस समय मौसम का अलग ही रंग देखने को मिल रहा है, न तो कड़ाके की ठंड है और न ही असहनीय गर्मी। दिन में जहां सूरज तपने लगता है, वहीं सूर्यास्त के बाद ठंड बढ़ जाती है। महाशिवरात्रि के बाद मौसम बदलने वाला है। अब एक दिन बाद यानी 27 फरवरी से प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक 27 फरवरी से बारिश का यह सिलसिला शुरू होगा जो 3 दिनों तक चलेगा। इस दौरान गरज के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है। इसे लेकर यूपी के पूर्वी और पश्चिमी दोनों मंडलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश में गुरुवार से 72 घंटे के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मंगलवार को अयोध्या सबसे ठंडा रहा, जबकि वाराणसी में लोग गर्मी से परेशान दिखे।
UP Weather Today
यूपी के लखनऊ स्थित अमौसी मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक मंगलवार को यूपी में सबसे कम तापमान अयोध्या में दर्ज किया गया। यहां न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, सबसे अधिक तापमान वाराणसी में दर्ज किया गया। यहां अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस रहा। जो रविवार के मुकाबले 0.4 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज 26 फरवरी को मौसम पूरी तरह साफ रहने वाला है। इस दौरान प्रदेश के दोनों हिस्सों में मौसम शुष्क रह सकता है। हालांकि, इसके दूसरे दिन से प्रदेश का मौसम पूरी तरह बदल सकता है। वहीं, 27 फरवरी को पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होगी। जबकि पूर्वी यूपी में मौसम सामान्य रहेगा। कब होगी बारिश मौसम विभाग की मानें तो 27 फरवरी से प्रदेश में बारिश का दौर शुरू हो सकता है। इस दौरान पश्चिमी यूपी में कुछ जगहों पर बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं, जबकि पूर्वी यूपी में मौसम साफ रहने वाला है। इसके अलावा मौसम विभाग ने पश्चिमी यूपी में गरज के साथ बारिश का अलर्ट भी जारी किया है। 28 फरवरी को भी प्रदेश में बारिश हो सकती है। इस दौरान पश्चिमी और पूर्वी यूपी में कुछ स्थानों पर बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। कुछ स्थानों पर गरज और चमक के साथ बारिश की भी संभावना है। इसी तरह एक मार्च को भी प्रदेश में बारिश की संभावना है। इसके बाद प्रदेश में मौसम पूरी तरह साफ हो जाएगा।
बीएचयू के मौसम विज्ञानी प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि फरवरी के आखिरी दिनों और मार्च की शुरुआत में यूपी के कई जिलों में बारिश हो सकती है। अनुमान है कि सहारनपुर से लेकर गोरखपुर तक यह दौर देखने को मिलेगा। आपको बता दें कि यूपी में अगले 4 दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है।
अधिकतम तापमान – पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस वाराणसी में दर्ज किया गया। लखनऊ में 28.2 डिग्री, कानपुर में 27.4, बाराबंकी में 27.8 और बुलंदशहर में 27.0 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
न्यूनतम तापमान – पिछले 24 घंटों में सबसे कम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस अयोध्या में दर्ज किया गया। लखनऊ में 11.2 डिग्री सेल्सियस, आगरा में 13.1 डिग्री सेल्सियस, बरेली में 11.7 डिग्री सेल्सियस, बस्ती में 12.0 डिग्री सेल्सियस और बाराबंकी में 10.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
Parvesh Verma News: दिल्ली में बदलेंगे सड़क के हालात, PWD मंत्री प्रवेश वर्मा ने दिए ये अहम निर्देश