India News (इंडिया न्यूज), UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में तेज बर्फीली हवाएं और शीतलहर ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रविवार को राज्य के कई शहर ठंड की चपेट में आ गए। अयोध्या में रात का न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस सर्दी का सबसे कम तापमान था। वहीं, इटावा में दिन का तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सूबे में सबसे ठंडा दिन रहा। राजधानी लखनऊ में भी ठंड का असर दिखा, जहां न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री और अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग ने लखनऊ समेत आसपास के जिलों में कोहरे के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। पहाड़ों से आ रही पछुआ हवाएं ठंडक बढ़ा रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार, इस बार सर्दी का दौर समय से पहले शुरू हो गया है और यह लंबे समय तक बना रह सकता है। जनवरी में भी ठंड से राहत मिलने की संभावना कम है।
UP Weather Update
मौसम विभाग का कहना है कि पछुआ हवाओं की गति में थोड़ी कमी आई है। इससे अगले एक-दो दिनों में तापमान में 1-2 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, हवा धीमी होने से कोहरे की संभावना बढ़ गई है। अमौसी स्थित मौसम केंद्र ने बताया कि सोमवार को मध्यम से घना कोहरा हो सकता है, लेकिन सूरज निकलने के बाद यह धीरे-धीरे छंट जाएगा। दिन का तापमान 25 डिग्री और रात का 7 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, शीतलहर का दौर 16 जनवरी तक जारी रह सकता है। उत्तर पश्चिम से आ रही ठंडी हवाएं पहाड़ों से टकराकर यूपी के मैदानी इलाकों में गलन बढ़ा रही हैं। रविवार को नियामतपुर का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री, फुरसतगंज का 4.1 डिग्री, और मुजफ्फरनगर व बिजनौर का 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। झांसी में तापमान 5.7 डिग्री तक पहुंच गया।