विजयेन्दर शर्मा, धर्मशाला :
Dharamshala Skyway Ropeway : मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज जिला कांगड़ा में धर्मशाला से मैकलोडगंज तक धर्मशाला स्काईवे रोपवे का लोकार्पण किया। धर्मशाला शहर को मैकलोडगंज से जोड़ने वाले 1.8 किलोमीटर लंबे इस रोपवे का निर्माण 207 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है।
Dharamshala Skyway Ropeway
इस अवसर पर मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस रोपवे का निर्माण 2018 में शुरू किया गया था और इसे धर्मशाला रोपवे लिमिटेड और हिमाचल प्रदेश पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग द्वारा सार्वजनिक निजी भागीदारी परियोजना के रूप में डीएफबीओटी मोड के अन्तर्गत विकसित किया गया है।
जय राम ठाकुर ने कहा कि यह रोपवे मैकलोडगंज की यातायात समस्या को हल करने में सहायक सिद्ध होगा और इससे पर्यटन को और अधिक बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह रोपवे एक घंटे में 1000 लोगों को एक दिशा में ले जाएगा और ट्रॉली को धर्मशाला से मैकलोडगंज पहुंचने में कुल पांच मिनट का समय लगेगा। इसमें 10 टावर और दो स्टेशन हैं। उन्होंने कहा कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना में मोनो केबल डिटेचेबल गोंडोलस तकनीक का इस्तेमाल किया गया है।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीन चौधरी, उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह, सांसद किशन कपूर और इंदु गोस्वामी, राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष रमेश चंद धवाला, धर्मशाला के विधायक विशाल नेहरिया, वूलफेड के अध्यक्ष त्रिलोक कपूर, मिल्कफेड के अध्यक्ष निहाल चंद शर्मा, निदेशक पर्यटन अमित कश्यप, उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे।
Read More : Terrorist Hideout Busted : आतंकियों ने छिपने के लिए खोदी थी खाई
Connect With Us : Twitter Facebook