India News (इंडिया न्यूज), Maha Kumbh 2025: प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ मेला के दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु जुट रहे हैं। विशेष रूप से 29 जनवरी को मौनी अमावस्या के दिन भारी भीड़ उमड़ी है। इस दौरान यात्रियों को विभिन्न मार्गों पर जाम का सामना करना पड़ रहा है, जिसमें कैमूर जिले का कुदरा क्षेत्र प्रमुख है। यहां राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर मंगलवार से ही गाड़ियों की लंबी कतारें लग गई हैं, जिससे यातायात पूरी तरह से प्रभावित हो गया है।
बताया जा रहा है कि जाम की स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि कई यात्रियों को घंटों, बल्कि कुछ को तो 72 घंटे तक अपने वाहनों में फंसा रहना पड़ा। एक बस चालक, छोटू कुमार ने बताया कि वह 30 यात्रियों के साथ कुंभ मेला जा रहे थे, लेकिन बिहार में प्रवेश करते ही जाम में फंस गए। 12 घंटे में उन्होंने सिर्फ 50 किलोमीटर का सफर तय किया। जाम में फंसे लोग परेशान हैं और कई बार उन्हें पैदल ही रास्ता तलाशते देखा गया।
Maha Kumbh 2025
कैमूर जिले में इस जाम को समाप्त करने के लिए पुलिस-प्रशासन की टीमें लगी हुई हैं, लेकिन गाड़ियों की भारी भीड़ और जाम की लंबाई पुलिस के लिए भी चुनौती बनी हुई है। कुदरा थाने के पुलिसकर्मी ललन कुमार ने बताया कि दोनों लेन में जाम है और एक लेन को खाली करने का प्रयास किया जा रहा है। जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई है, लेकिन स्थिति में सुधार अब तक नहीं हुआ है।