BCCI New Chief Selector 2026: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम की चयन समिति में बड़ा बदलाव किया है. पूर्व भारतीय स्पिनर प्रज्ञान ओझा को चयन समिति का नया चेयरमैन बनाया गया है. वह अजीत अगरकर की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे. वहीं, पूर्व क्रिकेटर रमेश पोवार को चयन समिति में नए सदस्य के रूप में शामिल किया गया है. बोर्ड ने 19 अक्टूबर को इन नियुक्तियों की आधिकारिक घोषणा की. नई समिति में प्रज्ञान ओझा के साथ शिव सुंदर दास, आरपी सिंह, अजय रात्रा और रमेश पोवार शामिल हैं.
प्रज्ञान ओझा को क्यों मिली चीफ सेलेक्टर की जिम्मेदारी?
बीसीसीआई ने चयन समिति के अध्यक्ष की जिम्मेदारी प्रज्ञान ओझा को सौंपी है. बोर्ड के मुताबिक, सबसे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने के आधार पर वरिष्ठता को देखते हुए ओझा को समिति की कमान दी गई है. वह इससे पहले चयन समिति के सदस्य के तौर पर काम कर चुके हैं और अजीत अगरकर का कार्यकाल समाप्त होने के बाद अंतरिम अध्यक्ष की भूमिका भी संभाल रहे थे. अब उन्हें नियमित रूप से समिति का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी मिली है.
रमेश पोवार की चयन समिति में एंट्री
पूर्व भारतीय क्रिकेटर रमेश पोवार को पुरुष चयन समिति का नया सदस्य नियुक्त किया गया है. उनकी नियुक्ति के लिए बीसीसीआई की क्रिकेट सलाहकार समिति (CAC) ने प्रक्रिया पूरी की. समिति में अशोक मल्होत्रा और जतिन परांजपे शामिल थे. दोनों ने बीसीसीआई मुख्यालय में आवेदकों की स्क्रीनिंग और साक्षात्कार के बाद रमेश पोवार के नाम की सर्वसम्मति से सिफारिश की. रमेश पोवार ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में भारत के लिए दो टेस्ट और 31 वनडे मैच खेले हैं. क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद उन्होंने कोचिंग के क्षेत्र में भी काम किया. वह भारतीय महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच रहे हैं और मुंबई तथा गुजरात की टीमों को भी कोचिंग दे चुके हैं. इसके अलावा, वह बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में गेंदबाजी कोच की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं.
महिला टीम को एशिया कप जिताने में निभाई थी भूमिका
रमेश पोवार का कोचिंग करियर भी उनकी नियुक्ति की अहम वजहों में शामिल है. भारतीय महिला टीम के मुख्य कोच रहते हुए उन्होंने टीम को एशिया कप का खिताब जिताने में भूमिका निभाई. उनके कार्यकाल में भारतीय महिला टीम ने कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक भी जीता था. अब पुरुष चयन समिति में शामिल होकर वह राष्ट्रीय टीम के लिए खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया का हिस्सा होंगे.
अजीत अगरकर के कार्यकाल में भारत ने जीतीं बड़ी ट्रॉफियां
बीसीसीआई ने निवर्तमान चेयरमैन अजीत अगरकर के योगदान की भी सराहना की है. अगरकर ने जुलाई 2023 में पुरुष चयन समिति के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली थी. उनके कार्यकाल के दौरान भारतीय टीम ने तीन आईसीसी ट्रॉफियां और दो एशिया कप खिताब जीते. इसके अलावा, भारत ने एशियन गेम्स में लगातार दो बार स्वर्ण पदक हासिल किए. बोर्ड ने उनके समर्पण, फैसले लेने की क्षमता और भारतीय क्रिकेट में योगदान को सराहा.
अब ऐसी होगी भारतीय पुरुष चयन समिति
प्रज्ञान ओझा के चेयरमैन बनने और रमेश पोवार के नए सदस्य के रूप में शामिल होने के बाद भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम की चयन समिति में पांच सदस्य होंगे. समिति में प्रज्ञान ओझा अध्यक्ष की भूमिका निभाएंगे. उनके साथ शिव सुंदर दास, आरपी सिंह, अजय रात्रा और रमेश पोवार शामिल हैं. यह समिति भारतीय पुरुष टीम के लिए खिलाड़ियों के चयन से जुड़े फैसले लेगी.