Nitish Rana Love Story: दिल्ली कैपिटल्स के स्टार क्रिकेटर नीतिश राणा और उनकी पत्नी साची मारवाह का रिश्ता प्यार, भरोसे और साथ की मिसाल माना जाता है. इस कपल ने फरवरी 2019 में शादी की थी, लेकिन शादी से पहले दोनों ने तीन साल से अधिक समय तक एक-दूसरे को डेट किया था. आज उनकी प्रेम कहानी भारतीय क्रिकेट जगत की सबसे चर्चित लव स्टोरीज में गिनी जाती है. नितीश और साची की पहली मुलाकात साची के भाई परमवीर मारवाह के जरिए हुई थी. परमवीर और नितीश साथ में फुटबॉल खेलते थे और इसी दौरान एक दिन नितीश की मुलाकात साची से हुई.
शुरुआत में दोनों के बीच दोस्ती हुई, लेकिन धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई. कई सालों तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद दोनों ने अपने रिश्ते को नया नाम देने का फैसला किया. जून 2018 में नितीश और साची की सगाई हुई, जिसके बाद 18 फरवरी 2019 को दिल्ली में दोनों ने भव्य समारोह में शादी रचाई. इस शादी में परिवार, करीबी दोस्त और क्रिकेट व मनोरंजन जगत की कई हस्तियां शामिल हुई थीं.
साची मारवाह सिर्फ एक क्रिकेटर की पत्नी नहीं हैं, बल्कि अपनी अलग पहचान रखने वाली सफल इंटीरियर डिजाइनर भी हैं. वह साची एंड नवनीत डिजाइन स्टूडियो की को-फाउंडर हैं और डिजाइन इंडस्ट्री में काफी नाम कमा चुकी हैं. साची एक कलात्मक परिवार से ताल्लुक रखती हैं. उनके माता-पिता संगीता और सुशील मारवाह मशहूर मूर्तिकार हैं. साथ ही वह बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा की भतीजी भी हैं.
2025 में बने माता-पिता
नितीश के क्रिकेट करियर में साची हमेशा उनके साथ मजबूती से खड़ी रही हैं. आईपीएल हो या घरेलू क्रिकेट, साची को अक्सर स्टेडियम में नितीश का हौसला बढ़ाते देखा गया है. नितीश भी कई बार उन्हें अपनी सबसे बड़ी ताकत और सपोर्ट सिस्टम बता चुके हैं. साल 2025 में इस कपल के जीवन में एक नई खुशी आई, जब उन्होंने जुड़वा बच्चों का स्वागत किया. इसके साथ ही उनके परिवार की खुशियां और बढ़ गईं. दोस्ती से शुरू होकर प्यार, शादी और परिवार तक पहुंची नितीश राणा और साची मारवाह की यह कहानी साबित करती है कि सच्चा रिश्ता भरोसे, समझ और साथ से बनता है.