Sohel Khan Death: बांग्लादेश की फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री से दुखद खबर सामने आई है. मशहूर अभिनेता सोहेल खान का मंगलवार, 24 नवंबर 2026 की सुबह निधन हो गया. वह फिल्म ‘नसीब’ की शूटिंग के सिलसिले में बोगुरा गए हुए थे और होटल में ठहरे थे. सुबह शूटिंग के लिए तैयार होने के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई. उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. अस्पताल के मृत्यु प्रमाणपत्र में मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट बताई गई है. सोहेल खान 66 साल के थे.
शूटिंग पर जाने की थी तैयारी, होटल में अचानक बिगड़ी तबीयत
सोहेल खान फिल्म ‘नसीब’ की शूटिंग के लिए 19 नवंबर से बोगुरा में थे. वह फिल्म की टीम के साथ होटल मोमो इन में ठहरे हुए थे. मंगलवार सुबह वह शूटिंग के लिए तैयार हुए और मेकअप भी कर लिया था. इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई. फिल्म की टीम के सदस्य उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके. फिल्म के निर्देशक मोहम्मद इकबाल ने उनके निधन की पुष्टि की.
नसीब’ की शूटिंग पूरी होने से पहले दुनिया को कहा अलविदा
निर्देशक और निर्माता मोहम्मद इकबाल के मुताबिक, सोहेल खान बुधवार तक फिल्म में अपने हिस्से की शूटिंग पूरी करने वाले थे. यानी शूटिंग का काम लगभग अंतिम चरण में था, लेकिन उससे एक दिन पहले ही अभिनेता का निधन हो गया. अभिनेता और फिल्ममेकर शहरियार नाजिम जॉय ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उनके निधन पर दुख जताया. उन्होंने बताया कि सोहेल सफेद शर्ट और सफेद पैंट पहनकर शूटिंग के लिए जाने वाले थे.
विज्ञापन से शुरू हुआ था करियर, ‘420’ से मिली पहचान
सोहेल खान ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत बांग्लादेश की टेलीकॉम कंपनी बांग्लालिंक के एक टीवी विज्ञापन से की थी. इस विज्ञापन का निर्देशन फिल्ममेकर मुस्तफा सरवर फारूकी ने किया था. इसके बाद वह लोकप्रिय टीवी सीरीज ‘420’ में नजर आए और धीरे-धीरे बांग्लादेशी दर्शकों के बीच पहचान बना ली. उन्होंने कई टीवी ड्रामा, सीरियल और टेलीफिल्म में काम किया.
कॉमेडी से लेकर विलेन तक, कई यादगार किरदार निभाए
सोहेल खान ने अपने लंबे करियर में अलग-अलग तरह के किरदार निभाए. वह पर्दे पर कॉमेडी के साथ-साथ नकारात्मक भूमिकाओं में भी नजर आए. उनकी चर्चित फिल्मों में ‘दारुचिनी द्वीप’, ‘प्रजापति’, ‘कॉमन जेंडर’, ‘देशा: द लीडर’, ‘परबाशिनी’, ‘शान’ और ‘जंगली’ शामिल हैं. टीवी पर ‘420’ और ‘फैमिली क्राइसिस’ जैसे प्रोजेक्ट्स में भी उनके काम को दर्शकों ने पसंद किया. उनके निधन से बांग्लादेशी मनोरंजन जगत में शोक की लहर है.