Ajinkya Rahane Fined: IPL 2026 में नियमों को लेकर सख्ती बरती जा रही है. अभी तक मौजूदा सीजन में कुल 22 मैच खेले जा चुके हैं. इस दौरान 5 टीमों के कप्तानों के खिलाफ एक्शन लिया गया है. इन कप्तानों को स्लो ओवर रेट के चलते सजा दी गई है. इस लिस्ट में ताजा नाम कोलकाता नाइट राइडर्स (Kolkata Knight Riders) के कप्तान अजिंक्य रहाणे का शामिल हुआ है. 14 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स का मैच खेला गया. इस मुकाबले में केकेआर को टीम स्लो ओवर रेट की दोषी पाई गई. यह इस सीजन में केकेआर का पहला अपराध है. ऐसे में टीम के कप्तान अजिंक्य रहाणे पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है. रहाणे से पहले हार्दिक पांड्या, श्रेयस अय्यर और शुभमन गिल के खिलाफ भी एक्शन हो चुका है.
इन कप्तानों पर हो चुका एक्शन
IPL 2026 में सबसे पहले पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) पर जुर्माना लगा था. 1 अप्रैल को गुजरात टाइटंस के खिलाफ पंजाब किंग्स को स्लो ओवर रेट का दोषी पाया गया था. इसके चलते श्रेयस अय्यर पर 6 लाख रुपये का फाइन लगा था. इसके बाद 3 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ भी पंजाब किंग्स ने यही गलती दोहराई, जिसके चलते अय्यर पर 24 लाख रुपये का फाइन लगाया गया.
फिर 9 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) के खिलाफ गुजरात टाइटंस पर स्लो ओवर रेट की पेनल्टी लगाई गई. इसके चलते शुभमन गिल पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगा था. इसके बाद 11 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ स्लो ओवर रेट का दोषी पाया गया, जिसकी वजह से कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ (Ruturaj Gaikwad) पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगा. 12 अप्रैल को मुंबई इंडियंस ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ भी वही गलती दोहराई, जिसके चलते कप्तान हार्दिक पांड्या पर 12 लाख रुपये का फाइन लगा.
कैसा रहा केकेआर बनाम चेन्नई का मैच?
चेन्नई बनाम कोलकाता के मैच की बात करें, तो इस मुकाबले में CSK ने 32 रनों से जीत दर्ज की. चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 192 रन बनाए. चेन्नई की ओर से संजू सैमसन ने 48, डेवाल्ड ब्रेविस ने 41 और आयु म्हात्रे ने 38 रन बनाए. इसके जवाब में उतरी केकेआर की टीम 20 ओवर में 160 रन ही बना पाई. इसके चलते चेन्नई सुपर किंग्स ने 32 रनों से मैच अपने नाम कर लिया.