Team India Next Captain: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के बीच भारत के नए टी20 टीम को लेकर खूब चर्चा चल रही है. IPL में श्रेयस अय्यर की कप्तानी ने क्रिकेट जगत के दिग्गजों को हैरान कर दिया है. ऐसे में श्रेयस अय्यर को भारतीय टी20 टीम का नया कप्तान बनाने की मांग की जा रही है. इस बीच रिपोर्ट सामने आई है कि भारतीय टीम के सिलेक्टर सूर्यकुमार यादव से आगे बढ़ना चाहते हैं. अगर ऐसा होता है, तो सूर्यकुमार यादव के रिप्लेसमेंट के लिए श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) सबसे अच्छा विकल्प होंगे. श्रेयस अय्यर ने टी20 क्रिकेट में नंबर-4 पर अपनी जिम्मेदारी को बखूबी निभाया है. टी20 क्रिकेट में भारतीय टीम के लिए अय्यर से अच्छा विकल्प कोई दूसरा नहीं है. सिलेक्टर्स ने इस छोटे फॉर्मेट में शुभमन गिल और ऋषभ पंत जैसे खिलाड़ियों के साथ कोई नरमी नहीं दिखाई और उन्हें टीम से बाहर कर दिया, लेकिन सूर्यकुमार यादव की कप्तानी की वजह से उन्हें हटाना थोड़ा मुश्किल माना जा रहा है.
श्रेयस अय्यर बनेंगे अगले टी20 कप्तान
सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) की कप्तानी में भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम किया. हालांकि सूर्यकुमार यादव का फॉर्म बड़ी चिंता का विषय रहा है. पूरे विश्व कप में सूर्यकुमार यादव के बल्ले से सिर्फ एक बड़ी पारी आई. इसके बाद अब वे आईपीएल में निराशाजनक प्रदर्शन से गुजर रहे हैं. भारतीय टीम अगला टी20 वर्ल्ड कप 2028 में खेलने वाली है. उसी साल लॉस एंजिल्स 2028 का ओलंपिक भी खेला जाएगा. ऐसे में भारतीय टीम को अभी से बड़े टूर्नामेंट के लिए तैयार करना होगा. ऐसे में अगर सिलेक्टर सूर्यकुमार यादव से आगे बढ़ना चाहते हैं, तो श्रेयस अय्यर इस जिम्मेदारी के लिए सबसे बड़े दावेदार हैं. बता दें कि श्रेयस अय्यर ने भारत के लिए आखिरी बार साल 2023 में टी20 इंटरनेशनल मैच खेला था. उसके बाद से वह इस टीम से दूर चल रहे हैं.
आईपीएल में अय्यर ने लहराया परचम
श्रेयस अय्यर ने आईपीएल में अपनी कप्तानी और बल्लेबाजी से सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा है. अय्यर की कप्तानी में दिल्ली कैपिटल्स ने साल 2020 में फाइनल तक का सफर तय किया था. इसके बाद पंत को दिल्ली कैपिटल्स की जिम्मेदारी सौंपी जाने के बाद श्रेयस अय्यर कोलकाता नाइट राइडर्स में शामिल हो गए. साल 2024 में श्रेयस अय्यर की कप्तानी में केकेआर ने आईपीएल का खिताब अपने नाम किया.
इसके बाद अगले साल श्रेयस अय्यर पंजाब किंग्स में शामिल हो गए. उन्होंने IPL 2025 में पंजाब किंग्स को 11 साल बाद फाइनल में पहुंचाया. अब IPL 2026 में श्रेयस अय्यर की टीम विजय रथ पर सवार है. खास बात यह है कि श्रेयस अय्यर सिर्फ बेहतर कप्तानी ही नहीं कर रहे, बल्कि उनके बल्ले से भी रनों की बरसात हो रही है. मौजूदा आईपीएल सीजन में उनके बल्ले से पिछले 3 मैचों में लगातार 3 अर्धशतक आ चुके हैं.