नई दिल्ली. भारतीय टी20 टीम की कप्तानी को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर आखिरकार विराम लग गया है. पिछले कुछ दिनों से श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन और हार्दिक पांड्या के नाम सूर्यकुमार यादव के संभावित कप्तान के रूप में सामने आ रहे थे. अलग-अलग मीडिया रिपोर्टों ने क्रिकेट फैंस के बीच खलबली मचा दी थी. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के एक वरिष्ठ सूत्र ने स्पष्ट कर दिया है कि सूर्यकुमार यादव ही फिलहाल भारतीय टी20 टीम के कप्तान बने रहेंगे.
बीसीसीआई के सूत्र ने स्पोर्ट्स नाउ से बातचीत में कहा कि कप्तान नियुक्त करने का अधिकार चयनकर्ताओं के पास होता है और अभी तक इस विषय पर कोई चर्चा नहीं हुई है. सूत्र के अनुसार, सूर्यकुमार यादव के जगह पर किसी अन्य खिलाड़ी को कप्तान बनाने की खबरें पूरी तरह गलत हैं. इस बयान के बाद यह साफ हो गया है कि आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे से पहले कप्तानी में बदलाव की कोई संभावना नहीं है. हालांकि, यह सभी खबरें रिपोर्ट्स के अनुसार है.
भारतीय टीम 26 जून 2026 से आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज खेलेगी. इसके बाद 1 जुलाई 2026 से इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेली जाएगी. इन दोनों दौरों के लिए सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में ही टीम उतरने की पूरी संभावना है. टी20 विश्व कप 2026 में सूर्यकुमार यादव ने कप्तान और बल्लेबाज दोनों भूमिकाओं में शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने नौ मैचों में 242 रन बनाए. संयुक्त राज्य अमेरिका के खिलाफ 49 गेंदों पर नाबाद 84 रन की उनकी पारी टीम की जीत में निर्णायक साबित हुई. इस मुकाबले में भारत ने 29 रन से जीत दर्ज की और सूर्यकुमार को मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया.
कप्तानी का रिकॉर्ड प्रभावशाली
सूर्यकुमार यादव ने अब तक भारत की टी20 टीम की 52 मैचों में कप्तानी की है. इनमें से 40 मुकाबलों में टीम को जीत मिली, 8 मैचों में हार का सामना करना पड़ा और 2 मुकाबले बराबरी पर समाप्त हुए. उनका जीत प्रतिशत 76.92 है, जो रोहित शर्मा के बाद सबसे शानदार रिकॉर्ड में गिना जाता है. यह आंकड़ा बताता है कि टीम ने उनके नेतृत्व में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन किया है.