Gurugram women bikers hit and run: गुरुग्राम में महिला बाइकर्स के साथ हुए चर्चित हिट एंड रन मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने लवणीश गुर्जर को भी गिरफ्तार कर लिया है. आरोप है कि हादसे के वक्त लवणीश उसी कार में मौजूद था, जिसने महिला बाइकर्स की बाइक को टक्कर मारी थी. इससे पहले पुलिस ने कार चालक कल्याण बैसला को राजस्थान से गिरफ्तार किया था. अब इस मामले में दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं.
कार चालक कल्याण बैसला के साथ लवणीश भी पकड़ा गया
पुलिस के मुताबिक, कार चालक कल्याण बैसला को मंगलवार को राजस्थान के राजगढ़ से गिरफ्तार किया गया. महिला बाइकर्स को टक्कर मारने के बाद आरोपी कथित तौर पर मौके से फरार हो गया था. पुलिस ने उसकी तलाश करते हुए उसे राजस्थान से पकड़ा. जांच के दौरान पुलिस को वारदात के समय कार में एक और व्यक्ति के मौजूद होने की जानकारी मिली. इसके बाद दूसरे आरोपी लवणीश गुर्जर को भी पुलिस ने हिरासत में लिया. पुलिस ने राजस्थान के दौसा से कल्याण बैसला के साथ ही लवणीश को भी पकड़ा था.
हादसे के वक्त कार में मौजूद था लवणीश
पुलिस की जांच में सामने आया है कि लवणीश गुर्जर वारदात के समय कार में मौजूद था. पूछताछ के दौरान दूसरे आरोपी ने भी घटना में अपनी मौजूदगी और वारदात से जुड़ी जानकारी पुलिस को दी है. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में लवणीश ने भी घटना की बात कबूल की है. इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि हादसे से पहले और बाद की पूरी घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा सके.
तेज रफ्तार Ciaz ने महिला बाइकर्स को मारी थी टक्कर
यह मामला उस वक्त सामने आया जब तेज रफ्तार Ciaz कार ने महिला बाइकर्स की Aprilia RS 457 बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला बाइक सवार सड़क पर काफी दूर तक घिसटती चली गई. हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया था. घटना के बाद पुलिस ने कार और उसके चालक की तलाश शुरू की. मामले की जांच आगे बढ़ने के साथ पुलिस ने पहले कल्याण बैसला को पकड़ा और अब लवणीश गुर्जर की गिरफ्तारी भी कर ली है.
पलवल का रहने वाला है दूसरा आरोपी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किया गया दूसरा आरोपी लवणीश गुर्जर पलवल के न्यू कॉलोनी कैंप का रहने वाला है. फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस हादसे की परिस्थितियों, कार में मौजूद दोनों आरोपियों की भूमिका और घटना के बाद उनके भागने के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. इस मामले में अब तक दो आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं-कल्याण बैसला और लवणीश गुर्जर. पुलिस की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.