Kannauj Double Murder Case: चोरी करने घुसे एक बदमाश ने दंपती पर डंडे से हमला कर उनकी हत्या कर दी. महिला की मौत के बाद आरोपी ने शव के साथ तीन बार रेप किया. 12 दिन बाद पुलिस एनकाउंटर में बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी. बेहोश होने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया.
4 नवंबर की रात गुरसहायगंज कस्बे में एक जर्जर PHC बिल्डिंग में रह रहे दंपती की हत्या कर दी गई. हमलावर ने डेढ़ साल की बच्ची को भी घायल कर दिया. रविवार शाम 4 बजे गुरसहायगंज थाना प्रभारी ध्यानेंद्र प्रताप सिंह और सर्विलांस टीम प्रभारी त्रिदीप सिंह ने इंद्रा नगर चौकी क्षेत्र के कसारी जंगल में घेराबंदी की.
इस दौरान पुलिस टीमों ने तालग्राम थाने के भोजापुर गांव के 30 साल के बदमाश योगेश राजपूत को घेर लिया. पुलिस को देखते ही योगेश राजपूत ने फायरिंग कर दी. पुलिस की फायरिंग में उसके दोनों पैरों में गोली लग गई. इससे वह खून से लथपथ होकर बेहोश हो गया. इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और जिला अस्पताल में भर्ती कराया.
आरोपी पर पहले से ही 10 क्रिमिनल केस दर्ज
एसपी विनोद कुमार ने बताया कि अपराधी योगेश उर्फ पंगा महिला के पति को जानता था. यह जानते हुए कि कपल सुनसान इलाके में रह रहे हैं, उसने छत की चादर हटाई और चोरी करने के लिए डंडा लेकर घर में घुस गया. जब कपल जाग गए, तो उसने डंडे से दोनों को मार डाला और मासूम बच्ची को घायल कर दिया.
युवक के पर्स से पांच हजार रुपये चोरी हो गए. महिला की हत्या करने के बाद योगेश राजपूत ने शव के साथ तीन बार रेप किया. इसके सबूत भी मिले हैं. पूछताछ करने पर अपराधी ने रेप और चोरी की बात कबूल कर ली. आरोपी पर पहले से ही लूट और मां-बेटी की हत्या समेत 10 क्रिमिनल केस दर्ज हैं.